देहरादून में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, माँ सहित 5 लोग गिरफ्तार, 12 लाख में दी गई थी सुपारी
समाचार सच, देहरादून। राजधानी देहरादून में हुए चर्चित अर्जुन शर्मा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए चौंकाने वाले तथ्य सामने रखे हैं। करोड़ों की संपत्ति के विवाद ने पारिवारिक रिश्तों को इस कदर तोड़ दिया कि एक मां पर ही बेटे की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मृतक की मां भी शामिल है। घटना को अंजाम देने वाले दोनों शूटर मुठभेड़ के बाद पकड़े गए।
बता दें कि 11 फरवरी की सुबह डालनवाला थाना क्षेत्र स्थित तिब्बती मार्केट के पास स्कूटी सवार दो बदमाशों ने अर्जुन शर्मा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल अर्जुन को दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित एक गैस एजेंसी के संचालक थे और बसंत विहार क्षेत्र के रहने वाले थे। वारदात के बाद पूरे शहर में दहशत फैल गई थी।
जायदाद का झगड़ा बना कत्ल की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि जीएमएस रोड स्थित एक संपत्ति का करीब 14 करोड़ रुपये में सौदा किया गया था। इस डील में 8 करोड़ रुपये का भुगतान भी हो चुका था, लेकिन मृतक अर्जुन शर्मा ने अदालत से स्टे ऑर्डर लेकर बिक्री पर रोक लगवा दी थी।
बताया जा रहा है कि इसी कारण लेनदेन को लेकर दबाव बढ़ा और विवाद गहरा गया। पुलिस के अनुसार, इसी संपत्ति विवाद ने हत्या की साजिश को जन्म दिया।
12 लाख में तय हुई हत्या की सुपारी
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने मिलकर अर्जुन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। दो शूटर भाइयों से 12 लाख रुपये में सौदा तय किया गया, जिसमें से 3 लाख रुपये अग्रिम दिए गए थे। शेष रकम वारदात के बाद देने की बात थी।
दोनों शूटरों ने वारदात से पहले कई दिनों तक अर्जुन की गतिविधियों की रेकी की थी।
मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। 11 फरवरी की रात चेकिंग के दौरान संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर मुख्य साजिशकर्ताओं को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
व्हाट्सएप चैट और रेकी से खुला राज
जांच में आरोपियों के बीच हुई व्हाट्सएप बातचीत भी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि हत्या से पहले मृतक की दिनचर्या की जानकारी जुटाई गई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
पंकज राणा
राजीव उर्फ राजू
बीना शर्मा
विनोद उनियाल
डॉ. अजय खन्ना
पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले में आर्थिक लेनदेन और संपत्ति विवाद मुख्य कारण बनकर उभरे हैं। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



