डबल इंजन की सरकार पर नेता प्रतिपक्ष ने कसेे तंज, भ्रष्टाचार का लगाया आरोप

खबर शेयर करें

कांग्रेस की सरकार बनने पर बढ़ती महंगाई पर लगायेंगे अंकुश, बिजली की बढ़ती दरों पर लगेगी रोक : डॉ इंदिरा हृदयेश

समाचार सच, हल्द्वानी। नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश ने डबल इंजन की सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि विकास का दावा करने वाली भाजपा के शासनकाल में विकास पूरी तरह ठप है। हल्द्वानी समेत तमाम शहरों में निर्माण के नाम पर सड़कें खोद दी गई हैं। वहीं सरकार ने रोजगार देने में भी कंजूसी ही बरती। ये उद्गार उन्होंने एक होटल में व्यक्त किये। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आर्थिक मोर्चे पर विफल केन्द्र सरकार लाभ कमा रही संस्थाओं में शेयर बेचकर अपनी आय में वृद्धि का प्रयास कर रही है। वहीं केन्द्र सरकार कृषि कानूनों के माध्यम से गरीब किसानों के उत्पीड़न पर तुली है। राज्य सरकार भी गरीब किसानों को राहत देने में विफल है। वहीं राज्य सरकार के 100 दिन में लोकायुक्त नियुक्त करने का वादा झूठा साबित हुआ है जबकि लोकायुक्त कार्यालय पर अभी तक 13 करोड़ से अधिक व्यय हो चुकेे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय खेलों का आयोजन खटाई में पड़ चुका है। वहीं सरकारी कार्यालयों के बाहर दलालों का जमावड़ा है। डॉ हृदयेश ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में अन्तर्राज्यीय बस अड्डा बनाने के लिये अभी तक सरकार उपयुक्त जगह तलाश नहीं कर पायी है। वहीं हल्द्वानी में स्थापित होने वाले चिड़ियाघर का कार्य भी बन्द है। इसके निर्माण को धन आवंटित नहीं किया गया है। वहीं डबल इंजन की सरकार का दावा जुमला सिद्ध हुआ है। राज्य सरकार केन्द्र सरकार से रिंग रोड सहित कई लम्बित योजनाओं का पैसा लाने में भी विफल साबित हुयी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अभी तक चार बार विद्युत दरों में वृद्धि कर चुकी है। वहीं विद्युत व्यवस्था निजी क्षेत्रों को सौंपने की तैयारी सरकार कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी विभागों में बिना सुविधा शुल्क दिये कोई भी कार्य कराना असम्भव है। इन परिस्थितियों में सत्ता परिवर्तन अवश्यभांवी दिखायी देता है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि 2022 में कांग्रेस को सरकार बनाने का मौका मिला तो बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाने के साथ बिजली की दरों को कम किया जायेगा। साथ ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली से खाद्य वितरण प्रभावी व किफायती दरों में किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में युवाओं के लिये नये रोजगार/नौकरियों के अवसर सृजित किये जायेंगे तथा गरीब लोगों को मुफ्त पानी देने की व्यवस्था की जायेगी।
वहां वार्ता में जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, विधायक प्रतिनिधि सौरभ भट्ट व रोहित भट्ट मुख्य रूप से मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें -   राहुल गांधी का खराब मौसम के चलते उत्तराखंड दौरा अधूरा रहा, कहा- जल्द फिर आऊँगा

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440