समाचार सच, हल्द्वानी।
कुमाऊं विश्वविद्यालय के परीक्षा परिणाम में देरी से नाराज छात्रों का आक्रोश बुधवार को हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में बेहद गंभीर स्थिति तक पहुंच गया। रिजल्ट जारी करने की मांग को लेकर कई छात्र कॉलेज की छत पर चढ़ गए। इसी दौरान दो छात्रों ने खुद पर पेट्रोल डाल लिया, जिससे कॉलेज प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि छात्र लंबे समय से स्नातक द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम का इंतजार कर रहे थे। रिजल्ट में देरी के कारण कई विद्यार्थियों के सामने आगे की पढ़ाई और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने का संकट खड़ा हो गया था। इसी नाराजगी के चलते छात्र बुधवार को कॉलेज परिसर में एकत्र हुए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हंगामा बढ़ने के बाद मुकेश पाण्डेय और मेहुल साह पेट्रोल लेकर कॉलेज की छत पर पहुंच गए। दोनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रिजल्ट में देरी पर नाराजगी जताई और अपने भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। इसके बाद दोनों ने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया।
स्थिति बिगड़ती देख कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर एनएस बनकोटी समेत शिक्षक छात्रों को समझाने में जुट गए। पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया। काफी प्रयास के बाद बेहोश हुए छात्र मुकेश पाण्डेय को छत से नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में हालत बिगड़ने पर मेहुल साह को भी उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने छत पर मौजूद अन्य छात्रों को भी सुरक्षित नीचे उतारा। छात्राओं को महिला पुलिसकर्मियों की मदद से नीचे लाया गया। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच नोकझोंक की स्थिति भी बनी रही।
छात्रों का कहना था कि परीक्षा परिणाम समय पर जारी नहीं होने के कारण वे विभिन्न स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। उनका दावा था कि 4 सितंबर आवेदन की अंतिम तिथि होने के चलते उनके सामने समय का गंभीर संकट था और कई विषयों में सीटें भी भर चुकी थीं।
इसी बीच छात्रों के प्रदर्शन और बढ़ते दबाव के बीच कुमाऊं विश्वविद्यालय ने स्नातक द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम जारी कर दिए। इसके साथ ही स्नातकोत्तर द्वितीय सेमेस्टर के कुछ विषयों के परिणाम भी घोषित किए गए।
घटना के बाद कॉलेज परिसर में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा। छात्रों के इस कदम ने परीक्षा परिणाम जारी करने में देरी को लेकर विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



