आपदा प्रभावित भीमताल में पहुंचे मंत्री कैड़ा, नुकसान का लिया जायजा, डीएम को मुआवजा देने के निर्देश

खबर शेयर करें

समाचार सच, भीमताल। रिपोर्ट- अजय सिंह चौहान
लगातार आपदा की मार झेल रहे भीमताल विधानसभा क्षेत्र के प्रभावित इलाकों का कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने चाफी, अलचौना, पांडेयछोड़ा भीमताल, कुवाताल समेत विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर आपदा से हुए नुकसान का निरीक्षण किया और प्रभावित ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान मंत्री कैड़ा ने क्षतिग्रस्त सड़क मार्गों, मकानों, पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। प्रभावित लोगों ने उनके सामने अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर मंत्री ने भरोसा दिलाया कि आपदा की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और राहत एवं पुनर्वास के लिए हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

मंत्री ने मौके पर अधिकारियों के साथ राहत कार्यों की समीक्षा भी की और प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री वितरित की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपदा से हुए नुकसान का जल्द से जल्द आकलन किया जाए, ताकि पात्र प्रभावितों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके।

यह भी पढ़ें -   अंकिता भंडारी केस में पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ से CBI की पूछताछ, 3 घंटे तक चले सवाल-जवाब

मृत बच्ची के परिजनों को चार लाख की सहायता
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हाल ही में भीमताल नाले में बहने से जान गंवाने वाली बच्ची के परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने परिवार को आपदा मद से चार लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा।
इस दौरान मंत्री ने बच्ची की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

क्षतिग्रस्त सड़कों और पेयजल लाइनों को जल्द ठीक करने के निर्देश
मंत्री कैड़ा ने कहा कि आपदा के कारण कई ग्रामीणों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि कई भवनों पर अभी भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मकानों और अन्य संपत्तियों का प्राथमिकता के आधार पर सर्वे कराया जाए और नियमानुसार प्रभावितों को मुआवजा दिया जाए।
उन्होंने क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। साथ ही आपदा मद से आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कराने को कहा, ताकि भविष्य में होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।

यह भी पढ़ें -   आज का राशिफल | 18 अक्टूबर 2026, रविवार

मंत्री ने अधिकारियों को आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आपदा के बाद राहत कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री और सरकारी सहायता समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440