समाचार सच, हरिद्वार। धर्मनगरी के श्यामपुर इलाके में दो अप्रैल को हुई एक संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिसे पत्नी आत्महत्या बताकर पुलिस को गुमराह कर रही थी, वह दरअसल सोची-समझी साजिश के तहत किया गया कत्ल निकला। इस हत्याकांड की कड़ियां किसी और ने नहीं, बल्कि मृतक के मासूम बेटे ने जोड़ीं, जिसकी गवाही ने अपनी ही मां और बहन के गुनाहों को बेनकाब कर दिया।
बीती दो अप्रैल को लाहडपुर निवासी पूजा ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पति बबलू ने अत्यधिक शराब के नशे में खुदकुशी कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस को पूजा की बातों और घटनास्थल की स्थिति देख संदेह हुआ। इसी बीच मृतक के भाई राजू ने भी पूजा और उसकी बेटी पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
पुलिस जांच में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब बबलू के नाबालिग बेटे ने पुलिस के सामने जुबान खोली। बच्चे ने बताया कि उसकी मां और बहन ने मिलकर पिता के चेहरे पर तकिया रखकर उनका दम घोंट दिया। बच्चे के बयान के आधार पर जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो मां-बेटी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बबलू को उनकी अवैध गतिविधियों की भनक लग गई थी, जिसके कारण घर में अक्सर विवाद होता था। बबलू को रास्ते से हटाने के लिए उन्होंने खौफनाक साजिश रची। पहले बबलू की शराब में नशीली दवा (नींद की गोलियां) मिलाई गईं। वह जब बेसुध हो गया, तो चारपाई पर उसके हाथ-पैर दुपट्टे से जकड़ दिए। इसके बाद उसकी तकिये से मुंह दबाकर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद शव को दूसरे कमरे में शिफ्ट किया गया और मृतक के मुंह में जहरीला पदार्थ डाल दिया गया ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



