-मामला अवैध संबंधों का, दोस्त के साथ मिलकर पति ने पत्नी का गला घोंटकर उतारा मौत के घाट
-रामनगर-कालाढूंगी क्षेत्र के 110 सीसीटीवी कैमरे खंगाल कर पुलिस ने की आरोपियों की खोज
-खुलासा पुलिस टीम को 10 हजार रुपये इनाम की घोषणा
समाचार सच, हल्द्वानी। नैनीताल जनपद की पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। कालाढूंगी थाना क्षेत्र में 12 दिन पूर्व हुई महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महिला को अवैध संबंधों के चलते गला घोंटकर मौत के घाट उतार कर शव को जला दिया गया था। पुलिस ने इस मामले के आरोपी पति व उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
यहां पुलिस बहुद्देशीय भवन में घटना के बावत जानकारी देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मीणा ने बताया कि 30 जनवरी को कालाढूंगी थाना क्षेत्र के बैलपोखरा के जंगल में एक अज्ञात महिला का अधजला शव बरामद हुआ था। इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगाई गई थी। खुलासे के लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद ली गई। जिसमें कार संख्या यूके 04एए-9646 के बहुत कम समय में चूनाखान की तरफ आना-जाना प्रकाश में आया। पुलिस ने इसी कार को आधार मानकर अपनी जांच आगे बढ़ाई। पुलिस ने रामनगर व कालाढूंगी के बीच लगे 110 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो क्लू हाथ लग गया। पुलिस ने कार स्वामी चकलुवा निवासी रमनजीत सिंह से पूछताछ की तो 30 जनवरी को कार उसके जीजा कुलदीप सिंह पुत्र जोगेंद्र सिंह निवासी धर्मपुर चूनाखान बैलपड़ाव द्वारा मांग कर ले जाना पता चला। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। इस बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे बीते दिवस गडेरी नदी के पुल के पास से दबोच लिया और पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस के सख्ती बरतने पर वह टूट गया और पूरी कहानी उगल दी। उसने बताया कि उसका दोस्त रविन्द पाल सिंह आहूजा उर्फ राजू पुत्र कश्मीर सिंह निवासी एकता कालोनी गली नंबर दो अबोहर फिरोजपुर पंजाब, जो कि वर्तमान में बदरपुर बार्डर दिल्ली में रहता है, उसका दोस्त है। 30 जनवरी की रात्रि दोनों ने मिलकर राजू की पत्नी अनीता की हत्या की है। उससे जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने राजू को भी खड़खड़ी चौकी क्षेत्र के मोतीचूर रेलवे स्टेशन हरिद्वार के पास से दबोच लिया।
दोस्त के साथ मिलकर पत्नी को इस लिया मारा…
पुलिस को बताया कि रविन्द्र की पत्नी अनिता टीवी शो व अन्य कार्यक्रमों में कार्य करती थी और उसके कश्मीर निवासी एक व्यक्ति से अवैध संबंध थे। इसका पता चलने पर उसने कई बार अपनी पत्नी को समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। इस पर उसने उसकी हत्या की योजना बनाई। इसके लिए उसने अपनी पत्नी को झांसे में लेकर ट्रेनिंग के लिए मुंबई भिजवाने की बात कही और यहां कुलदीप को उसकी हत्या के लिए राजी कर लिया। इसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ यहां पहुंचा और रामनगर रोडवेज स्टेशन में दोनों ने अनीता को चाय में नींद की गोली डालकर पिला दी। इसके बाद वह बेहोश हो गई तो चूनाखान के पास रविन्द्र ने कार की डिग्गी में रखी रस्सी से उसका गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। दोनों शव को कार से बैलपोखरा जाने वाली रोड पर लाये और खेत में रखकर उस पर मोबिल ऑयल डालकर आग लगा दी। इसके बाद रविन्द्र अगले दिन दिल्ली लौट गया। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोबिन ऑयल की जरकेन, 2 मोबाइल फोन व घटना के समय पहने गये कपड़े बरामद कर लिये हैं। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
इधर उत्तराखण्ड अपराध एवं कानून व्यवस्था महानिदेशक अशोक कुमार के द्वारा उक्त घटना के अनावरण के लिये पुलिस टीम को 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गयी है।
सफलता प्राप्त करने वाली टीम में कालाढूंगी एसओ दिनेश नाथ महंत, एसआई भूपाल राम पौरी, दिनेश चन्द्र जोशी, जगदीप नेगी, नरेंद्र कुमार, कांस्टेबल लखविंदर, अशोक काम्बोज, प्रकाश, हरीश बिष्ट, रविन्द्र सिंह, एसओजी कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, जितेंद्र कुमार, अनिल, किशन शामिल रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


