नन्हे कान्हा की बाल लीलाओं से लेकर राधा-कृष्ण की मनमोहक प्रस्तुतियों तक, जन्माष्टमी समारोह ने बांधा समां

समाचार सच, हल्द्वानी।
भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं, भक्ति संगीत, मनमोहक नृत्य और रंग-बिरंगी वेशभूषा में सजे नन्हे कान्हा… गुरूवार को लिटिल फ्लावर स्कूल का पूरा परिसर भक्तिमय उल्लास से सराबोर नजर आया। मौका था श्रीकृष्ण जन्माष्टमी समारोह का, जहां नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर शिक्षिकाओं तक ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा विद्यालय परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षिकाओं द्वारा प्रस्तुत मधुर सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की ऐसी श्रृंखला शुरू हुई, जिसने उपस्थित अभिभावकों और दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
नर्सरी के नन्हे कलाकारों ने बाल कृष्ण के रूप में अपनी मनमोहक प्रस्तुति से सभी का दिल जीत लिया। एल.के.जी. और यू.के.जी. के बच्चों ने भी आकर्षक प्रस्तुतियों के जरिए खूब तालियां बटोरीं। वहीं ‘अच्युतम् केशवम्’ की मधुर धुन पर विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने वातावरण को पूरी तरह कृष्णमय बना दिया।
कक्षा 1 और 2 के विद्यार्थियों ने जोशीले नृत्य से मंच पर ऊर्जा और उत्साह भर दिया। इसके बाद कक्षा 3 से आगे के विद्यार्थियों की कृष्ण-सुदामा पर आधारित नृत्य-नाटिका समारोह का प्रमुख आकर्षण बनी। भगवान श्रीकृष्ण और उनके बालसखा सुदामा की मित्रता को भावपूर्ण अंदाज में प्रस्तुत कर विद्यार्थियों ने प्रेम, सच्ची मित्रता और समर्पण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में कृष्ण की बाल लीलाओं और भक्ति से जुड़ी कई मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां भी हुईं। बच्चों की मासूम अदाओं और शानदार मंच प्रस्तुति ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया।
समारोह का सबसे खास पल तब आया, जब शिक्षिकाओं ने भव्य रास एवं श्रीकृष्ण प्रस्तुति पेश की। शिक्षिकाओं की आकर्षक प्रस्तुति ने पूरे माहौल को भक्ति, उत्सव और उमंग से भर दिया।
जन्माष्टमी समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में लगातार ‘जय श्रीकृष्ण’ और ‘राधे-राधे’ के जयकारे गूंजते रहे। नन्हे कान्हा के मनमोहक रूप, कृष्ण की बाल लीलाओं और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



