स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों पर डीएम सख्त, बिजली विभाग को दिए कई अहम निर्देश
समाचार सच, हल्द्वानी। स्मार्ट बिजली मीटर को लेकर लगातार उठ रही उपभोक्ताओं की शिकायतों के बीच नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बड़ा फैसला लिया है। अब स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ता अपने पुराने मीटर को ‘चेक मीटर’ के रूप में इस्तेमाल कर सकेंगे और जब तक उपभोक्ता पूरी तरह संतुष्ट नहीं होगा, तब तक पुराना मीटर नहीं हटाया जाएगा।
शनिवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित बिजली विभाग की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने RDSS योजना के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। कुछ कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने और नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
बैठक में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रगति भी सामने आई। अधिकारियों के अनुसार हल्द्वानी नगर में 49.5 प्रतिशत, हल्द्वानी ग्रामीण में 35.8 प्रतिशत, रामनगर में 55.67 प्रतिशत और नैनीताल क्षेत्र में 38.4 प्रतिशत उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। विभाग का कहना है कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों का लगातार समाधान किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्मार्ट मीटर लगाने के बाद उपभोक्ता चाहे तो पुराने मीटर को चेक मीटर के रूप में रख सकता है। दोनों मीटरों की रीडिंग से संतुष्ट होने के बाद ही पुराना मीटर हटाया जाएगा। इस फैसले से स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों की शंकाएं दूर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने 30 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही बिजली चोरी वाले क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर विद्युत हानि कम करने के लिए प्रवर्तन दल को सक्रिय करने को कहा।
बैठक में अधीक्षण अभियन्ता ई० रवि कुमार राजौरा, अधिशासी अभियन्ता नैनीताल ई० एस०के० सहगल, अधिशासी अभियन्ता (ग्रामीण) ई० एस०के० गुप्ता, अधिशासी अभियन्ता (नगर) हल्द्वानी ई० प्रदीप कुमार एवं अधिशासी अभियन्ता रामनगर ई० गोविंद सिंह कार्की उपस्थित रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



