मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बाद डीएम ललित मोहन रयाल ने जारी किया आदेश, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ को भी अवकाश
समाचार सच, नैनीताल। रिपोर्ट- अजय सिंह चौहान।
उत्तराखंड के नैनीताल जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। 2 सितंबर 2026, बुधवार को जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक शैक्षणिक कार्य बंद रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी एक दिन के लिए बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल की ओर से जारी आदेश के मुताबिक भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 2 सितंबर को नैनीताल जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई है।
भारी बारिश के बीच बढ़ा भूस्खलन और तेज जलप्रवाह का खतरा
प्रशासन के अनुसार वर्तमान में नैनीताल जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण नदी-नालों और गधेरों में जलप्रवाह तेज होने की संभावना है। वहीं संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
शिक्षकों और कार्यालय स्टाफ को भी छुट्टी
जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण और कार्यालय स्टाफ के लिए भी 2 सितंबर को अवकाश अनुमन्य रहेगा।
मुख्य शिक्षा अधिकारी नैनीताल और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि जिले के सभी संबंधित विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
नैनीताल शहर के आवासीय स्कूलों पर लागू नहीं होगा आदेश
प्रशासन ने आदेश में स्पष्ट किया है कि नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शैक्षणिक संस्थान, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, इस अवकाश आदेश के दायरे में नहीं आएंगे।
जिला प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और विशेष रूप से बारिश के दौरान नदी-नालों, गधेरों तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



