पथरेश्वर महादेव मंदिर डबल मर्डर केस का खुलासा: अवैध संबंध और ब्लैकमेल बना दो साधुओं की हत्या की वजह

खबर शेयर करें

मुख्य पुजारी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार; हत्या के बाद जंगल में दफनाए गए थे दोनों साधुओं के शव

समाचार सच, हरिद्वार। हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र स्थित पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की निर्मम हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य पुजारी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। जांच में सामने आया है कि अवैध संबंधों की जानकारी होने और कथित ब्लैकमेलिंग के चलते दोनों साधुओं की हत्या की गई।

बुधवार को एसएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुर उर्फ अखिल गिरी (मुख्य पुजारी), आशु सैनी और राममिलन के रूप में हुई है। चौथा आरोपी उत्तम गिरी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई को मंदिर के सेवादार उत्तम झा ने दो साधुओं पारस गिरी और सेवा गिरी के लापता होने की सूचना दी थी। उसने यह भी बताया कि उसने रात के समय मंदिर के पास जंगल में उत्तम गिरी और आशु को गड्ढा खोदते हुए देखा था। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुदाई कराई, जहां दोनों साधुओं के शव बरामद हुए।

यह भी पढ़ें -   उधम सिंह नगर में सड़क हादसों का कहर: गदरपुर, सितारगंज और किच्छा में तीन की मौत

जांच में पता चला कि 18 जुलाई की रात मंदिर में सात लोग मौजूद थे। देर रात आरोपियों ने पहले मंदिर के सीसीटीवी कैमरे बंद किए और फिर गन्ना काटने वाली पाठल से पहले सेवा गिरी और बाद में पारस गिरी की गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों शवों को मंदिर के पास जंगल में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया। हत्या के बाद हॉल में फैले खून के निशान साफ किए गए और खून से सना गद्दा जलाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया।

एसएसपी भुल्लर ने बताया कि जांच में सामने आया है कि मुख्य पुजारी अखिल गिरी और फरार आरोपी उत्तम गिरी के बीच कथित अवैध संबंध थे। इस संबंध की जानकारी मृतक साधु पारस गिरी को हो गई थी। आरोप है कि पारस गिरी और सेवा गिरी इस बात को लेकर मुख्य पुजारी को ब्लैकमेल कर रहे थे और मंदिर की गद्दी पर कब्जा करना चाहते थे। इसी विवाद के चलते चारों आरोपियों ने मिलकर दोनों साधुओं की हत्या की साजिश रची।

यह भी पढ़ें -   केदारनाथ पैदल मार्ग फिर बंद, भारी बारिश के बाद छौड़ी में बोल्डर-मलबा गिरा, यात्रियों की आवाजाही रोकी गई

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पाठल और शवों को दफनाने में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।

गिरफ्तार आरोपी
-अंकुर उर्फ अखिल गिरी (42 वर्ष) – मुख्य पुजारी, पथरेश्वर महादेव मंदिर, शिवगढ़, थाना पथरी, हरिद्वार।
-आशु सैनी (37 वर्ष) – निवासी इस्माईलपुर, थाना लक्सर, हरिद्वार।
-राममिलन (38 वर्ष) – मूल निवासी गोरसाड़ा, उत्तरकाशी, वर्तमान पता करनाल (हरियाणा)।
पुलिस फरार आरोपी उत्तम गिरी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

ADVERTISEMENTSAd

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440