समाचार सच, हल्द्वानी। पुलिस ने लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से लूटी गई रकम भी बरामद की गई है। वहीं दो वाहन चोरों को भी गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को कार्यवाही के बाद न्यायालय में पेश किया गया है। बता दें कि बीती 1 सितम्बर को सत्यलोक कॉलोनी डहरिया निवासी खीम सिंह बोरा ने देवलचौड़ स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से 50 हजार की रकम निकाली। इसके बाद वह वापस घर लौट रहा था कि तभी रास्ते में स्कूटी सवार बदमाश ने झपट्टा मारकर नगदी भरा पर्स लूट लिया। इस मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस ने बदमाश की सुरागकशी शुरू कर दी। मामले में जानकारी देते हुए एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने बताया कि चौकिंग के दौरान मंगल पड़ाव में स्कूटी सवार को शक के आधार पर रोका तो वह सकपका गया। तलाशी में उसके पास से 33 हजार की रकम बरामद हुई। इस पर उससे पूछताछ की गई। पहले तो वह इधर-उधर की बातें बनाता रहा। लेकिन सख्ती बरतने पर टूट गया। बदमाश ने अपना नाम कवि बिष्ट पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट निवासी मोहाली पंजाब बताया है। पूछताछ में उसने बताया कि वह लूट की कई अन्य वारदातों को भी अंजाम दे चुका है। पुलिस के अनुसार आरोपी स्कूटी चोरी करने के बाद उनसे लूट की वारदातों को अंजाम दे रहा था। उसने रामलीला मैदान से स्कूटी संख्या यूके 04जेड-3391, जीआरपी काठगोदाम से स्कूटी संख्या यूपी87एन-2450 व रामपुर रोड आईटीआई से स्कूटी संख्या यूके 04जेड-1768 चोरी की। इन स्कूटियों के माध्यम से उसने एसडीएम कोर्ट के सामने, बृजवासी कॉलोनी पीलीकोठी, जजफार्म व गैस गोदाम रोड में महिलाओं से पर्स लूट की वारदातों को भी अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ पंचकूला चंडीगढ़, हरियाणा, उत्तराखंड में कई लूट व चोरी की वारदातें भी दर्ज हैं। अभियुक्त के पास से चोरी गई स्कूटिया, लूटी गई 47 हजार की रकम व अन्य कागजात बरामद किए गए हैं।

सफलता प्राप्त करने वाली टीम में एसआई देवेंद्र सिंह बिष्ट, मनोज यादव, रविन्द्र राणा, दिनेश जोशी, इन्द्रजीत सिंह, निर्मल लटवाल, धरम सिंह, त्रिभुवन जोशी, कीर्ति राय, कांस्टेबल संजय कुमार, परवेज अली, हितेंद्र वर्मा, इसरार नबी, बंशीधर जोशी शामिल रहे। इधर पुलिस ने पैथोलॉजी लैब बिल्डिंग मेडिकल कॉलेज के बाहर खड़ी स्कूटी पर हाथ साफ करने के आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। इस मामले में आशुतोष कुमार ने पुलिस को तहरीर सौंपी थी। बताया कि 31 अगस्त की रात चोरों ने स्कूटी संख्या यूके 04के-8253 पर हाथ साफ कर दिया है। इस मामले में मंडी चौकी पुलिस ने स्कूटी के साथ विक्रम सिंह पुत्र गोपाल सिंह निवासी डहरिया को तीनपानी से गिरफ्तार कर लिया। उधर राजपुरा क्षेत्र से चोरी गई स्कूटी के साथ पुलिस ने एक चोर को दबोचा है। बता दें कि जवाहर नगर, टनकपुर रोड निवासी मो. वकार की घर के बाहर खड़ी स्कूटी संख्या यूके 04एक्स-8050 पर चोरों ने 30 अगस्त की रात हाथ साफ कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास से चोरी की स्कूटी के साथ फैजल पुत्र यामीन निवासी जवाहर नगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गये आरोपियों को कार्यवाही के बाद न्यायालय में पेश किया है। इस टीम में एसआई प्रकाश पोखरियाल, मनवर सिंह, कांस्टेबल संजय नेगी, ललित श्रीवास्तव, मंजीत सैंगर शामिल रहे। खुलासे में एसपीसिटी डॉ जगदीश चन्द्र, सीओ शांतनु पारासर, कोतवाल अरूण कुमार सैनी भी मौजूद रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



