चप्पे-चप्पे पर नजर, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी; कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को SSP की सख्त चेतावनी
समाचार सच, हल्द्वानी। रिपोर्ट- अजय सिंह चौहान
बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले को लेकर माननीय सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई से पूर्व नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोमवार को भारी पुलिस बल के साथ व्यापक फ्लैग मार्च और एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई की गई। पुलिस की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शांति एवं कानून व्यवस्था को बिगाड़ने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधीनस्थ अधिकारियों और थाना प्रभारियों को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सर्वोच्च न्यायालय में निर्णय अभी विचाराधीन है और मामले की सुनवाई के लिए मंगलवार की तिथि निर्धारित है। इसे देखते हुए क्षेत्र में पुलिस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
लगातार चल रही एरिया डोमिनेशन और चेकिंग
पुलिस की ओर से बनभूलपुरा क्षेत्र में लगातार एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यकतानुसार प्रीवेंटिव डिटेंशन की कार्रवाई भी जारी रहेगी।
क्षेत्र में निरंतर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है, जबकि सीसीटीवी कैमरों और विशेष ड्रोन टीमों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी सतर्क नजर बनाए हुए है।
इन इलाकों में निकाला गया फ्लैग मार्च
शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने रेलवे स्टेशन, लाइन नंबर 17, इंदिरानगर बड़ी रोड, मुजाहिद चौक, गोपाल मंदिर, ठोकर, शनि बाजार रोड, छोटी रोड इंदिरानगर, ताज मस्जिद, 16 नंबर तिराहा, गांधी नगर, लाइन नंबर 8, चोरगलिया रोड, ताज चौराहा, भारद्वाज चौराहा और रेलवे स्टेशन गेट सहित विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील भी की।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में निकला फ्लैग मार्च
फ्लैग मार्च एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के नेतृत्व में निकाला गया। इस दौरान एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और एसपी संचार रेवाधर मठपाल के पर्यवेक्षण में पुलिस एवं सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में पैदल मार्च किया।
अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल सहित विभिन्न थानों की पुलिस, पीएसी, एंटी राइट टीम, बीडीएस, फायर सर्विस और ड्रोन टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
अफवाह फैलाने और भ्रामक पोस्ट करने वालों पर होगी कार्रवाई
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का सम्मान करें और आगे की कार्रवाई में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने लोगों से हर हाल में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
एसएसपी ने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, भ्रामक या तथ्यहीन पोस्ट और टिप्पणियां सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस जहां एक ओर फील्ड में पूरी तरह सतर्क है, वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने साफ कर दिया है कि बनभूलपुरा क्षेत्र में शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने या कानून हाथ में लेने की कोशिश किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



