-हल्द्वानी में पुलिस कप्तान, सिटी मजिस्ट्रेट व एसपीसिटी ने सड़क पर उतर कर कराया लॉक डाउन का पालन
-देहरादून, नैनीताल, अल्मोड़ा, ऋषिकेश, रुद्रपुर व खटीमा समेत आदि जगहों पर भी पुलिस की रही सख्ती

समाचार सच, हल्द्वानी/ देहरादून । लॉक डाउन के समय उत्तराखण्ड में प्रशासन व पुलिस प्रशासन ने मंगलवार को बेमतलब घूम रहे लोगों पर सख्ती से निपटा। उन्हें कई बार समझाने के बाद भी उत्तराखंड में लॉकडाउन के दौरान लोग कभी पैदल तो कभी गाड़ियों में सड़क पर निकले। जिन्हें पुलिस ने अब अपने तरीके से समझाया। जहां हल्द्वानी महानगर में पुलिस कप्तान सुनील कुमार मीणा, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, एसपीसिटी अमित श्रीवास्तव ने सड़क पर उतर लोगों को लॉक डाउन का पालन कराया वही देहरादून, नैनीताल, अल्मोड़ा, ऋषिकेश, रुद्रपुर व खटीमा समेत आदि शहरों पर भी पुलिस की जबरदस्ती सख्ती रही।

हल्द्वानी में प्रातः 10ः00 बजे के बाद एसपी सुनील कुमार मीणा व सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह बाजार बंद करवाने के लिए निकले। बेवजह घूम रहे युवकों को दंड-बैठक भी कराई। हल्द्वानी में पुलिस व प्रशासन ने सब्जी मंडी, फल मंडी, बरेली रोड, मुखानी आदि अन्य क्षेत्रों में खुली दुकानों को बंद कराया। अनावश्यक घूम रहे लोगों को लाठी फटकार कर भगाया।
साथ ही पुलिस ने जगह-जगह बेरीकेटिंग लगाकर वाहनों को रोका और आने-जाने की वजह पूछी। उचित वजह न बता पाने वालों को हिदायत देकर वापस घर भेजा गया। लॉक डाउन के दौरान पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र में धारा 144 के उल्लंघन पर आधा दर्जन लोगों के खिलाफ कार्यवाही की है। जबकि कोतवाली पुलिस ने लॉक डाउन के दौरान संचालित हो रही पांच टैक्सियों को भी सीज कर दिया। यह टैक्सी चालक सवारियां बैठाने की फिराक में भी थे। इसके अलावा निर्धारित समय प्रातः 7 से 10 बजे के बाद दुकान खोलने पर 6 व्यापारियों के खिलाफ भी संबंधित धाराओं के तहत कार्यवाही की गई। साथ ही ग्रुप बनाकर घूम रहे पांच युवकों का भी चालान किया। इसके अलावा नगर में फंसे लोगों को पुलिस-प्रशासन ने रोडवेज बसों की मदद से उनके गंतव्य तक पहुंचाया। कोई व्यक्ति कहीं फंसा न रह जाये बकायदा इसके लिए पुलिस-प्रशासनिक वाहनों से सड़कों पर एलाउसमेंट भी किया गया। लॉक डाउन के पालन कराने के लिए पुलिस-प्रशासन व सीपीयू के अधिकारी व कर्मचारी सड़कों पर गश्त करते देखे गये। इस दौरान अधिकारियों ने घूमने वालों से अपील की कि वह बेवजह घरों से बाहर न निकलें। अधिकारियों का कहना है कि बुधवार से और सख्ती बरती जाएगी। आदेशों का पालन करने वालों के खिलाफ सख्ती से पेश आया जायेगा।
इधर देहरादून में बेवजह घूम रहे लोगों को एसपी सिटी श्वेता चौबे ने समझाया। अल्मोड़ा में एक स्कूटर सीज किया। ऋषिकेश में भी पुलिस ने लोगों को लाठियां भांज कर भगाया। ऋषिकेश में जगह-जगह पुलिस अलर्ट है और बाहर सड़कों पर बेमतलब घूम रहे लोगों को उनके घरों की ओर लौटा रही है। कुछ जगह पर पुलिस को सख्ती भी करनी पड़ी। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस के साथ झड़प भी की। लेकिन पुलिस की शक्ति के आगे लोगों की एक नहीं चली। खटीमा में कोतवाली के पास बिना जरूरी काम वाहन से घूमने वालों को यह पोस्टर थमाया। रुद्रपुर में एसएसपी ने डीडी चौक में कार सीज कराई। बेवजह घूमने पर कार्रवाई की। रुद्रपुर में लॉक डाउन का पालन करने को सड़क पर एसएसपी उतरे। मातहतों को बेवजह सड़क पर घूमने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440
















