महिलाओं के हक से भाग रहा विपक्ष- कैबिनेट मंत्री का आरोप, कांग्रेस पर दोहरे चरित्र का हमला
समाचार सच, हल्द्वानी। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है और बयानबाज़ी अब तेज़ टकराव में बदलती दिख रही है। हल्द्वानी में आयोजित एक तीखी प्रेस वार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस, पर जमकर हमला बोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की महिलाओं को बराबरी का अधिकार दिलाने की दिशा में यह अधिनियम एक ऐतिहासिक और निर्णायक कदम है, लेकिन विपक्ष की भूमिका इस मुद्दे पर पूरी तरह नकारात्मक और निराशाजनक रही है। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि जब देश की आधी आबादी को उनका संवैधानिक हक देने का समय आया, तब विपक्ष ने खुलकर विरोध कर अपनी मानसिकता उजागर कर दी।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्षों तक महिला सशक्तिकरण के नाम पर केवल राजनीतिक रोटियां सेंकी गईं, लेकिन जब इसे वास्तविकता में बदलने का अवसर आया, तो वही दल पीछे हट गए। “यह सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकारों के साथ खुला अन्याय है,” उन्होंने कहा।
कैड़ा ने विपक्ष के रवैये को “दोहरे चरित्र का सबसे बड़ा उदाहरण” बताते हुए कहा कि एक तरफ मंचों पर महिला सुरक्षा और सम्मान की बड़ी-बड़ी बातें की जाती हैं, वहीं दूसरी तरफ संसद के भीतर ऐसे कानूनों का विरोध किया जाता है, जो महिलाओं को निर्णय लेने की मुख्यधारा में लाने का काम करते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि देश की नारी शक्ति अब जागरूक हो चुकी है और वह इस राजनीतिक पाखंड को भली-भांति समझ रही है। आने वाले समय में जनता इसका करारा जवाब देगी और महिलाओं के सम्मान के साथ राजनीति करने वालों को सबक सिखाया जाएगा।
इस दौरान प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्रदीप जनोटी, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री विजयलक्ष्मी चौहान, प्रदेश प्रवक्ता कल्पना बोरा, भूमिका गोयल और प्रताप रैक्वाल सहित कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



