समाचार सच, नई दिल्ली। देशभर में पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था को लेकर छिड़ी बहस के बीच राजनीतिक बयानबाज़ी भी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा सरकार पर पेपर लीक और छात्रों के भविष्य को लेकर सवाल उठाने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य एवं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दे जैसे गंभीर विषय पर राजनीति नहीं होनी चाहिए, बल्कि सभी दलों को समाधान की दिशा में मिलकर काम करना चाहिए।
जेपी नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में करीब 150 पेपर लीक मामलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यदि ऐसे मामले सामने आए हैं तो उनकी जांच होनी चाहिए और केंद्र सरकार जिम्मेदारी के साथ तथ्यों को देश के सामने रखेगी।
कांग्रेस शासित राज्यों का किया जिक्र
नड्डा ने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाएं केवल भाजपा शासित राज्यों तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना, कर्नाटक और पंजाब सहित कई राज्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भी भर्ती और बोर्ड परीक्षाओं में पेपर लीक या अनियमितताओं के मामले सामने आए हैं।
उन्होंने पश्चिम बंगाल, केरल और तमिलनाडु के उदाहरण भी देते हुए कहा कि विभिन्न राज्यों में अलग-अलग समय पर ऐसी घटनाएं हुई हैं। उनके अनुसार, इस मुद्दे को राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय व्यापक सुधार की दिशा में गंभीर चर्चा होनी चाहिए।
राहुल गांधी से पूछे सवाल
जेपी नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी को यह भी बताना चाहिए कि कांग्रेस और इंडिया गठबंधन शासित राज्यों में हुए पेपर लीक मामलों पर उन्होंने चुप्पी क्यों साधी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष छात्रों के मुद्दे को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रहा है, जबकि आवश्यकता शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और युवाओं को न्याय दिलाने की है।
संसद में चर्चा की पेशकश
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर इस विषय पर संसद में विस्तृत चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर गंभीर है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छात्रों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने को तैयार है। उन्होंने कहा कि देश के बच्चे ही भारत का भविष्य हैं और उनके साथ किसी भी तरह का अन्याय स्वीकार नहीं किया जा सकता।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



