बोले- जातीय विभाजन का नैरेटिव खड़ा कर खोई जमीन तलाश रही कांग्रेस, जनता सब समझ रही
समाचार सच, हल्द्वानी।
हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ प्रकरण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। राज्य स्तरीय राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य एवं अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष सुरेश भट्ट ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी इस मामले को राजनीतिक रंग देकर समाज में जातीय विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रही है।
सुरेश भट्ट ने कहा कि कांग्रेस शुद्धिकरण के नाम पर कथित तौर पर तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है और इसी के सहारे अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन वापस हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि रामलीला मैदान प्रकरण को लेकर कांग्रेस की ओर से ऐसा नैरेटिव खड़ा किया जा रहा है, जिससे समाज में जातीय तनाव पैदा हो सकता है।
उन्होंने कहा कि जनता अब कांग्रेस की इस कथित राजनीति को समझने लगी है। भट्ट के मुताबिक, पूरे मामले में दलित युवकों की ओर से भी अपना पक्ष सामने रखा गया है, लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस प्रकरण को राजनीतिक मुद्दा बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
भट्ट ने आरोप लगाया कि इस तरह की राजनीति से किसी एक वर्ग का नहीं, बल्कि पूरे समाज का नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि जाति के आधार पर समाज को बांटने की कोशिश स्वीकार नहीं की जा सकती और कांग्रेस को इस मुद्दे पर अपनी राजनीति का जवाब जनता के सामने देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश के साथ-साथ उत्तराखंड की जनता भी कांग्रेस की राजनीति को करीब से देख रही है। समय आने पर जनता अपने मत के माध्यम से इसका जवाब देगी, ऐसा उन्होंने दावा किया।
रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण को लेकर पहले से ही राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। ऐसे में सुरेश भट्ट के इस बयान के बाद यह विवाद एक बार फिर राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



