समाचार सच, उत्तरप्रदेश डेस्क। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस ने देह व्यापार के एक संगठित रैकेट का खुलासा किया है। कीड़गंज क्षेत्र स्थित एक मकान में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर चार युवतियों और पांच युवकों को आपत्तिजनक स्थिति में गिरफ्तार किया है। यह मकान एक महिला आईएएस अधिकारी का बताया जा रहा है, जिसे 15 हजार रुपये मासिक किराए पर दिया गया था।
पुलिस के अनुसार मकान मालकिन अपने परिवार के साथ बाहर रहती हैं और उन्होंने यह मकान किराए पर दे रखा था। किराएदार ने परिवार के साथ रहने की बात कही थी, लेकिन बाद में मकान का इस्तेमाल देह व्यापार के लिए किया जाने लगा। रविवार दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस को मोहल्लेवालों की शिकायत के बाद मौके पर कार्रवाई करनी पड़ी। छापेमारी के दौरान पुलिस के पहुंचते ही मकान में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। तलाशी के दौरान कमरे से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई। गिरफ्तार की गई युवतियों में दो प्रयागराज, एक वाराणसी और एक पश्चिम बंगाल की निवासी बताई जा रही हैं।
पुलिस सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गतिविधि बीते करीब तीन महीनों से चल रही थी। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी नगर मनीष शांडिल्य ने बताया कि मोहल्लेवालों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए छापेमारी की गई। मौके से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



