समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क।
प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तराखंड ने संगठनात्मक अनुशासन और मर्यादा के उल्लंघन के मामले में सख्त रुख अपनाया है। संगठन ने हल्द्वानी महानगर इकाई के निवर्तमान पदाधिकारियों की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष नवीन चन्द्र वर्मा ने 16 अक्टूबर 2026 को कार्यालय आदेश जारी किया।
जारी आदेश के अनुसार, संगठन को भेजे गए पत्रों, सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से संज्ञान में आया कि हल्द्वानी महानगर इकाई के कुछ पदाधिकारियों पर निराधार आरोप लगाते हुए संगठन से नाता तोड़ने की घोषणा की गई। संगठन ने इस तरह के कृत्य को संगठनात्मक मर्यादाओं, अनुशासन और निर्धारित नियमों के विपरीत मानते हुए गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में रखा है।
संगठन की छवि धूमिल करने का प्रयास करने का आरोप
प्रदेश अध्यक्ष की ओर से जारी आदेश में नगर इकाई के अध्यक्ष योगेश शर्मा, महामंत्री मनोज जायसवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सचिन गुप्ता, कोषाध्यक्ष गौरव गुप्ता, संगठन मंत्री उपेंद्र कनवाल और प्रचार मंत्री संदीप सक्सेना का उल्लेख किया गया है।
आदेश में आरोप लगाया गया है कि इन पदाधिकारियों ने सम्मेलन में सहयोग करने के बजाय संगठन से नाता तोड़ने संबंधी घोषणा की और सोशल मीडिया के माध्यम से संगठन की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया। साथ ही अपने पदों पर बने रहने की भी घोषणा की गई।
संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने पर जोर
प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने अपने आदेश में कहा है कि संगठन की गरिमा, एकता और अनुशासन सर्वोपरि हैं। संगठन में किसी भी प्रकार की गतिविधि अथवा निर्णय को संविधान, नियमों और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप ही स्वीकार किया जाएगा। संगठन की मर्यादा और अनुशासन के विरुद्ध आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आदेश के अंत में स्पष्ट किया गया है कि यह कार्रवाई संगठनात्मक अनुशासन एवं मर्यादा बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है। आदेश पर प्रदेश अध्यक्ष नवीन चन्द्र वर्मा के हस्ताक्षर हैं।
नोट: यह समाचार संगठन की ओर से जारी कार्यालय आदेश पर आधारित है। संबंधित पदाधिकारियों का पक्ष उपलब्ध होने पर उसे भी समाचार में शामिल किया जा सकता है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



