समाचार सच, देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने 1 अगस्त तक का मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश की संभावना जताई है। अगले तीन दिनों तक कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
आज इन जिलों में रहा ऑरेंज अलर्ट
सोमवार को देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज होने की संभावना जताई गई। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। वहीं टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, चमोली, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में भी तेज बारिश के दौर और हरिद्वार में गरज-चमक के साथ बारिश व वज्रपात की आशंका के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया।
28 और 29 जुलाई को भी भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 28 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
29 जुलाई को भी उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भारी बारिश के साथ कई स्थानों पर अत्यंत तीव्र वर्षा होने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
30 जुलाई से 1 अगस्त तक कैसा रहेगा मौसम?
30 जुलाई को उत्तरकाशी, देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल में भारी बारिश की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में भी तेज बारिश के दौर जारी रह सकते हैं।
31 जुलाई और 1 अगस्त को पूरे उत्तराखंड में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।
लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने नागरिकों और यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन संभावित स्थानों पर सतर्क रहने तथा मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



