अल्मोड़ा में बारिश का कहर: दो और नेपाली मजदूरों की मौत, जिले में मृतकों की संख्या बढ़कर 5

खबर शेयर करें

धार की तूनी में टिन शेड की दीवार ढही, मलबे में दबे दो श्रमिक, इससे पहले वडयूड़ा में एक ही परिवार के तीन लोगों की गई थी जान

समाचार सच, अल्मोड़ा।
अल्मोड़ा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। बारिश के कारण अलग-अलग स्थानों पर हुई आपदा की घटनाओं में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। ताजा हादसा धार की तूनी क्षेत्र में हुआ, जहां भारी बारिश के बीच टिन शेड की दीवार अचानक ढह गई। मलबे में दबने से वहां रह रहे दो नेपाली मजदूरों की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पिछले कई घंटों से लगातार तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा नीचे आया, जिसकी चपेट में आने से टिन शेड की दीवार भरभराकर ढह गई। हादसे के समय दोनों नेपाली श्रमिक शेड के अंदर सो रहे थे और मलबे में दब गए।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मलबा हटाकर दोनों श्रमिकों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मौके पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल समेत आपदा प्रबंधन की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड में आज भारी बारिश का अलर्ट, देहरादून-नैनीताल समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल ने बताया कि धार की तूनी में टिन शेड के नीचे दबने से दो नेपाली श्रमिकों की मौत हुई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

वडयूड़ा हादसे में तीन लोगों की गई थी जान
इससे पहले अल्मोड़ा के सोमेश्वर विकासखंड के वडयूड़ा गांव में भी बारिश के कारण मकान में मलबा घुसने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना में मां, बेटा और बेटी मलबे में दब गए थे।
अब धार की तूनी में दो नेपाली श्रमिकों की मौत के बाद जिले में बारिश और आपदा से जान गंवाने वालों की संख्या पांच पहुंच गई है।

यह भी पढ़ें -   नैनीताल जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 2 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

भूस्खलन से सड़कें बाधित, जनजीवन अस्त-व्यस्त
लगातार हो रही बारिश के कारण अल्मोड़ा जिले में हालात लगातार चुनौतीपूर्ण होते जा रहे हैं। कई स्थानों पर पहाड़ियों से मलबा और बोल्डर गिरने के कारण सड़कें बाधित हुई हैं। दर्जनों मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की सूचना है। वहीं कई स्थानों पर घरों में भी मलबा घुसने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

लगातार बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440