समाचार सच, देहरादून।
शिक्षक दिवस के मौके पर उत्तराखंड की सियासत में भाजपा ने अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उत्तराखंड शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान समेत बड़ी संख्या में शिक्षकों और युवाओं ने भाजपा का दामन थाम लिया। देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। सभी का फूलमालाओं और भाजपा के पटके से स्वागत किया गया।
शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जैसे प्रभावशाली शिक्षक नेता का भाजपा में शामिल होना राजनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, उनके साथ बड़ी संख्या में शिक्षकों और युवाओं की मौजूदगी ने भी पार्टी के बढ़ते सामाजिक आधार का संदेश दिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि शिक्षक और बुद्धिजीवी वर्ग समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने नए सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में युवाओं के बीच भाजपा की विचारधारा और सरकार के विकास कार्यों को पहुंचाने का आह्वान किया।
भट्ट ने कहा कि शिक्षक समाज के बीच प्रभाव रखते हैं और उनके अनुभव का लाभ संगठन को मिलेगा। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को हासिल करने में शिक्षकों और युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में चल रहे विकास एवं जनकल्याण के कार्यों का उल्लेख किया। कनेक्टिविटी, दूरसंचार, प्रति व्यक्ति आय, जीडीपी और औद्योगिक विकास जैसे क्षेत्रों में हुई प्रगति को उन्होंने सरकार की उपलब्धियों से जोड़ते हुए नए सदस्यों से इन कार्यों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।
भाजपा में शामिल हुए शिक्षक संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद देश और समाज में हो रहे विभिन्न घटनाक्रमों ने उन्हें राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय होने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने सामाजिक विद्वेष से जुड़े घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि हल्द्वानी की घटना ने उन्हें काफी प्रभावित किया। चौहान ने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर पढ़ाई की उम्र वाले युवाओं को राजनीतिक हथियार बनाने की कोशिश हो रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश एवं उत्तराखंड के विकास तथा सांस्कृतिक राष्ट्रवादी सोच को देखते हुए उन्हें भाजपा बेहतर विकल्प नजर आई। पार्टी की ओर से भविष्य में जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसका पूरी क्षमता के साथ निर्वहन करने की बात उन्होंने कही।
कार्यक्रम में टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि शिक्षक बुद्धिजीवी वर्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और समाज में उनका व्यापक प्रभाव रहता है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों से शिक्षा प्राप्त कर आज अनेक विद्यार्थी अलग-अलग क्षेत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर हैं।
ऐसे में शिक्षकों के माध्यम से भाजपा के संदेश और विजन को युवाओं तक पहुंचाने से संगठन को मजबूती मिल सकती है। उन्होंने नए सदस्यों को भरोसा दिलाया कि भाजपा परिवार में शामिल होने वाले लोगों के सम्मान और उनकी भावनाओं की रक्षा के लिए पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी।
कार्यक्रम में सरकार में दायित्वधारी एवं वरिष्ठ नेता ज्योति प्रसाद गैरोला ने भी नए सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती और शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों का भाजपा से जुड़ना विशेष महत्व रखता है।
राम सिंह चौहान के साथ भाजपा में शामिल होने वालों में महेंद्र पाल सिंह, धर्मवीर सिंह परमार, शैलेंद्र सिंह नेगी, ज्ञानदीप धवन, जयदीप परमार, अनुराधा सिंह, सोनाली चौहान, अभिषेक, अदिति रावत, बबली नेगी, गीता चौहान, प्रज्ञा, गौरी रावत, शैलेश चौहान, गोपाल, आलोक रावत, परमवीर बिष्ट, उषा रावत, अंकित पांडे, अमन पांडे, शुभम चमोली, शुभम चौहान, ऐश्वर्या राणा, अपूर्व वशिष्ठ, अनमोल शर्मा और हिमांशु सजवान समेत कई लोग शामिल रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



