समाचार सच, देहरादून।
उत्तराखंड में मंगलवार की सुबह सड़क दुर्घटनाओं की दर्दनाक खबरों के साथ शुरू हुई। प्रदेश के टिहरी, रुद्रप्रयाग और ऋषिकेश क्षेत्र में हुए तीन अलग-अलग हादसों ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। इन दुर्घटनाओं में कुल 14 लोगों की जान चली गई, जबकि 36 लोग घायल हो गए। हादसों में सबसे भीषण दुर्घटना टिहरी जिले की गूलर घाटी में हुई, जहां यात्रियों से भरी बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी।

लगातार सामने आई इन दुर्घटनाओं के बाद घटनास्थलों पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों के साथ पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाया। मलबे और क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसों की खबर से मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है।

गूलर घाटी में पुल से नीचे गिरी यात्रियों से भरी बस, नौ की मौत
टिहरी जिले के गूलर बाजार के पास मंगलवार सुबह करीब 4रू30 बजे एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पुल से लगभग 100 मीटर नीचे गदेरे में गिर गई। बस हरिद्वार से चमोली जिले के कर्णप्रयाग की ओर जा रही थी। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि बस में सवार यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
इस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में छह की स्थिति गंभीर बताई गई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ब्यासी पोस्ट से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में बचाव दल मौके पर पहुंचा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ढालवाला और एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय से भी अतिरिक्त टीमें भेजी गईं।
पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।

रुद्रप्रयाग में खाई में समाई बोलेरो, चार लोगों की गई जान
रुद्रप्रयाग जिले में भी सड़क दुर्घटना ने चार परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया। सोमवार देर रात बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
वाहन में करीब 10 लोग सवार थे। दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। सूचना मिलने पर अगस्त्यमुनि कोतवाली पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें 108 एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं।
सीओ रुद्रप्रयाग की मौजूदगी में रातभर राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। रेस्क्यू टीमों ने सभी लोगों को खाई से बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों में दो को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि चार की स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया।
फकोट के बांसकाटल में मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत
ऋषिकेश क्षेत्र के फकोट विकासखंड अंतर्गत बांसकाटल गांव में भी एक वाहन दुर्घटना का शिकार हो गया। यहां एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य में मदद करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रधानमंत्री मोदी और सीएम धामी ने जताया शोक
प्रदेश में हुई इन दुर्घटनाओं पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गूलर, रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ क्षेत्र और टिहरी गढ़वाल की दोगी पट्टी के बांसकाटल में हुई दुर्घटनाओं पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
एक ही सुबह प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से आई इन दुर्घटनाओं की खबरों ने सड़क सुरक्षा और पहाड़ी मार्गों पर यातायात की चुनौतियों को एक बार फिर सामने ला दिया है। हादसों में अपनों को खोने वाले परिवारों के बीच शोक का माहौल है, वहीं अस्पतालों में भर्ती घायल जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



