तीनों मामलों में अज्ञात वाहन की टक्कर की आशंका, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
समाचार सच, रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को गदरपुर, सितारगंज और किच्छा क्षेत्र में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों मामलों में अज्ञात वाहन की टक्कर की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
गदरपुर थाना क्षेत्र के एनएच-74 स्थित मोतियापुर निवासी मोहम्मद शफी (60 वर्ष) बुधवार सुबह पशुओं के लिए चारा लेने घर से निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान राहगीरों ने उन्हें सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से उनकी मौत हुई।
दूसरी घटना सितारगंज-किच्छा रोड पर अनुग्राम आश्रम के पास हुई। यहां अनुज कंबोज देर रात अपनी आईईएलटीएस (IELTS) सेंटर की दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अनुज को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उधर, किच्छा क्षेत्र में विरेंद्र कुमार (63 वर्ष) निवासी आवास विकास की भी सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में भी अज्ञात वाहन की टक्कर की आशंका जताई जा रही है।
एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि तीनों मामलों में परिजनों से तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रहे सड़क हादसों से जिले में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने दोषी वाहन चालकों की शीघ्र गिरफ्तारी और सड़क सुरक्षा नियमों के सख्ती से पालन कराने की मांग की है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



