सखी सहेली ग्रुप की अनूठी पहल, जरूरतमंदों की आंखों में लौटी रोशनी की उम्मीद

खबर शेयर करें

निःशुल्क नेत्र एवं फिजियोथेरेपी शिविर के लाभार्थियों को वितरित किए चश्मे, समाजसेवा की मिसाल बने डॉ. नीरज वार्ष्णेय

हल्द्वानी, समाचार सच। रिपोर्ट- नीरू भल्ला
समाजसेवा और मानवता की सेवा के उद्देश्य से लगातार सक्रिय सखी सहेली ग्रुप ने एक बार फिर सराहनीय पहल करते हुए जरूरतमंद लोगों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी। ग्रुप द्वारा पूर्व में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में आंखों की जांच कराने वाले जरूरतमंद लोगों को मंगलवार को निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया।

यह कार्यक्रम एरियोना फिजियोथेरेपी एवं रिहैबिलिटेशन सेंटर, केएमओयू स्टेशन, हल्द्वानी में आयोजित किया गया। उल्लेखनीय है कि सखी सहेली ग्रुप द्वारा गत 1 अगस्त 2026 को यहां एक विशाल निःशुल्क नेत्र एवं फिजियोथेरेपी शिविर का आयोजन किया गया था। शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नीरज वार्ष्णेय द्वारा लोगों की आंखों की जांच की गई, जबकि डॉ. अमृता पांडे द्वारा फिजियोथेरेपी एवं स्वास्थ्य संबंधी परीक्षण किए गए।

शिविर में 100 से अधिक लोगों ने अपनी आंखों और स्वास्थ्य की जांच कराई थी। जांच के दौरान जिन लोगों को चश्मे की आवश्यकता पाई गई थी, उन्हें मंगलवार 8 सितंबर 2026 को निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया। चश्मा पाकर लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने सखी सहेली ग्रुप एवं चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें -   बनभूलपुरा पर फैसला फिर टला! सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई नहीं हुई, अब 17 सितंबर पर टिकी नजरें

इस अवसर पर डॉ. नीरज वार्ष्णेय ने अपने स्वर्गीय पिता की पुण्य स्मृति में जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए। उन्होंने बताया कि वे अपने पिता की स्मृति में प्रत्येक वर्ष इस प्रकार के सेवा कार्य करते हैं और इस वर्ष सखी सहेली ग्रुप के सहयोग से इस कार्यक्रम को आयोजित करने का अवसर मिला।

डॉ. नीरज वार्ष्णेय ने कहा कि आंखें हमारे जीवन का सबसे अनमोल हिस्सा हैं और बेहतर दृष्टि हर व्यक्ति का अधिकार है। आर्थिक रूप से कमजोर कई लोग आंखों की जांच और चश्मा बनवाने में असमर्थ रहते हैं। मेरे स्वर्गीय पिता हमेशा जरूरतमंदों की मदद करने और समाज के लिए कुछ करने की प्रेरणा देते थे। उन्हीं की स्मृति में मैं हर वर्ष सेवा का यह छोटा सा प्रयास करता हूं। आज सखी सहेली ग्रुप के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क चश्मे पहुंचाकर मुझे आत्मिक संतुष्टि मिल रही है। आगे भी समाजहित में ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें -   आज का राशिफल | 9 सितम्बर 2026, बुधवार | जानिए आज का पंचांग और सभी 12 राशियों का भविष्यफल, किस राशि को मिलेगा धन लाभ और किन राशियों को बरतनी होगी सावधानी

वहीं सखी सहेली ग्रुप की अध्यक्ष सुमन वार्ष्णेय ने कहा कि सखी सहेली ग्रुप केवल एक संगठन नहीं, बल्कि समाज की जरूरतमंद बहनों और लोगों के साथ खड़े होने का एक परिवार है। हमारा प्रयास है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य, सहायता और सेवा का लाभ पहुंच सके। निःशुल्क नेत्र जांच शिविर और चश्मा वितरण कार्यक्रम उसी सोच का हिस्सा है। आगे भी ग्रुप द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और जनसेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मानव विकास सेवा संस्थान, हल्द्वानी के निदेशक विक्की योगी उपस्थित रहे। उनके साथ ललित पुनेरा, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी ललित जोशी, नवीन चंद्र पांडे, चारू चंद्र बनौला, डॉ. अमृता पांडे, अमित पांडे सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संरक्षिका सुचित्रा जायसवाल, अध्यक्ष सुमन वार्ष्णेय, महामंत्री खुशबू जायसवाल, कोषाध्यक्ष मन्ना परगांई सहित सखी सहेली ग्रुप की सभी सदस्याओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440