समाचार सच, नैनीताल।
नैनीताल जिले में मौसम के बिगड़े मिजाज और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। शनिवार, 5 सितंबर 2026 को जिलेभर के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद रहेगा। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 4 सितंबर को जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल जिले में 5 सितंबर को अतिवृष्टि और वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वानुमान में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
मौसम के इस अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को एक दिन के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है। आदेश के मुताबिक विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाओं और कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
प्रशासन ने आशंका जताई है कि भारी बारिश के कारण जिले के नदी-नालों और गधेरों में तेज जलप्रवाह हो सकता है। संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की स्थिति भी पैदा हो सकती है, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना का खतरा बना रह सकता है।
हालांकि, आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित आवासीय शिक्षण संस्थानों और ऐसे विद्यालयों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
जिला मजिस्ट्रेट/अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल की ओर से जारी आदेश में मुख्य शिक्षा अधिकारियों और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन होने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



