समाचार सच, किच्छा। उत्तराखंड के किच्छा क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी को 12,000 रुपये की घूस लेते हुए ट्रैप टीम ने पकड़ा।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता पिछले 5-6 वर्षों से लकड़ी के ठेकेदार के रूप में कार्य कर रहा है। उसने ग्राम गऊघाट में काश्तकारों से निजी आम के पेड़ खरीदे थे, जिनकी कटाई के लिए नियमानुसार अनुमति लेना आवश्यक होता है। इसी के तहत उसने 26 पेड़ों की कटाई के लिए आवेदन किया था।
शिकायत में बताया गया कि प्रक्रिया पूरी होने और विभागीय निरीक्षण के बावजूद उद्यान विभाग में तैनात ज्येष्ठ निरीक्षक बादल पाण्डे ने 16 पेड़ों की कटाई की अनुमति देने के एवज में 12,000 रुपये की रिश्वत की मांग की।
मामले की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी में केस दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ट्रैप टीम गठित की गई।
9 अप्रैल को योजनाबद्ध कार्रवाई के तहत टीम ने किच्छा स्थित उद्यान सचल दल केंद्र कार्यालय में आरोपी अधिकारी को शिकायतकर्ता से 12,000 रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान बादल पाण्डे, निवासी शक्ति विहार, तल्ली हल्द्वानी के रूप में हुई है।
सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने जनता से अपील की है कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि रिश्वत या भ्रष्टाचार से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 1064 या व्हाट्सएप नंबर 9456592300 पर संपर्क किया जा सकता है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



