समाचार सच, हल्द्वानी। समाजवादी लोहिया वाहिनी ने जयंती पर देश के प्रमुख समाजवादी विचारक व क्रांतिकारी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी डाॅ राम मनोहर लोहिया को याद किया। साथ ही बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर रोष जताया।


बुद्घ पार्क में आयोजित कार्यक्रम में जयंती पर सपा लोहिया वाहिनी कार्यकर्ताओं ने डॉ लोहिया के चित्र पर माल्यार्पण किया। उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए प्रमुख वक्ता सपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश परिहार ने कहा कि डाॅ लोहिया ने अपना जीवन देश की आजादी की लड़ाई, गरीबों, मजदूरों व आम जनता के हितों के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने आर्थिक व सामाजिक विषमता के खिलाफ आवाज बुलंद की। जिसकी बदौलत ही आज देश के उंचे पदों पर दलित, पिछड़े व गरीब वर्ग को विराजमान होने का अवसर मिला है। वक्ताओं ने कहा कि आज भाजपा सरकार ने निजीकरण की जो नीति चलाई है, उससे देश के गरीबों, मजदूरों व बेरोजगारों के सम्मुख भयानक संकट पैदा हो गया है।
कहा कि आज समाजवादियों को भाजपा सरकार की नीजिकरण नीति के विरूद्ध सड़कों पर संघर्ष करना आवश्यक हो गया है। इस दौरान लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष हरपाल शर्मा ने सरकारी अस्पतालों की दुर्दशा के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। कहा कि डाॅ सुशीला तिवारी अस्पताल, बेस व महिला अस्पताल में मरीजों को चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। साथ ही चिकित्सकों व दवाईयों के अभाव में लोग निजी अस्पतालों का रूख करने को विवश हो रहे हैं। धरने के माध्यम से सरकार से चिकित्सा सेवा में जल्द सुधार की मांग की गई। इस दौरान हीरा सिंह बिष्ट, दुर्गा सिंह पंचपाल, अब्दुल गफ्फार, पीसी जोशी, राजेंद्र सिंह राणा, विपिन परिहार, संजय मौर्य, प्रमोद मौर्य, भगवती प्रसाद त्रिकोटी आदि मौजूद रहे।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440