समाचार सच, पिथौरागढ़। उत्तराखंड में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुमाऊं मंडल से एक और दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। रुद्रपुर-काशीपुर हाईवे पर देर रात हुए हादसे में नवोदय विद्यालय के संविदा कर्मचारी संतोष भंडारी की जान चली गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ निवासी संतोष भंडारी रुद्रपुर स्थित नवोदय विद्यालय में मैस कर्मी के रूप में कार्यरत थे। सोमवार रात ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह पैदल अपने आवास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जब वह हाईवे पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश जारी है।
बताया जा रहा है कि मृतक के भाई विनोद कुमार उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत हैं और वर्तमान में किच्छा कोतवाली में तैनात हैं। इस दुखद घटना से परिजनों और सहकर्मियों में गहरा शोक व्याप्त है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



