समाचार सच, हल्द्वानी। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के काठगोदाम क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। रानीबाग के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने आंगनबाड़ी से घर लौट रही 5 वर्षीय बच्ची को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि बच्ची करीब 20 मीटर तक बस के साथ घसीटती रही, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सोमवार 20 अप्रैल की दोपहर हुए इस हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने बस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नैनीताल-भीमताल मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने की कोशिश की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बच्ची कनक अपने दो साथियों के साथ सड़क पार कर रही थी, तभी तेज गति से आ रही बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। अन्य दो बच्चे बाल-बाल बच गए, लेकिन कनक की जान नहीं बच सकी।
हादसे के बाद मौजूद लोगों ने शोर मचाकर बस रुकवाने की कोशिश की, लेकिन चालक समय पर वाहन नहीं रोक पाया। गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ कर दी और उसके शीशे तोड़ दिए। सड़क पर जाम लगने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने काफी मशक्कत के बाद हालात को काबू में किया और जाम खुलवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मृतक बच्ची का परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और हल्द्वानी में मजदूरी कर गुजर-बसर करता है। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



