सीएम धामी ने किया मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का शुभारंभ, 29 खिलाड़ियों को मिली ‘आउट ऑफ टर्न’ नौकरी; खटीमा में स्टेडियम और सर्किट हाउस की घोषणा
समाचार सच, खटीमा/चंपावत।
उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने की दिशा में सरकार की पहल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर में आयोजित खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी 2026 के शुभारंभ के साथ आगे बढ़ाया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को केवल मंच ही नहीं, बल्कि उनकी मेहनत का सम्मान और रोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को ‘आउट ऑफ टर्न’ सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था की गई है। इस व्यवस्था के तहत अब तक 29 खिलाड़ियों को नियुक्तियां दी जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों का पुरस्कार समय पर मिले, इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है। चालू वर्ष में खिलाड़ियों को करीब 11 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।
हर न्याय पंचायत तक पहुंचेगा खेल महाकुंभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल महाकुंभ को प्रदेश के युवाओं तक व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए राज्य की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों की न्याय पंचायतों में आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष खेल महाकुंभ में पिछले वर्ष की तुलना में अधिक खिलाड़ियों के प्रतिभाग करने की उम्मीद है।
उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि उत्तराखंड में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें उचित अवसर, प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने की है।
खटीमा में ऑक्सीजन पार्क की सौगात
मुख्यमंत्री धामी ने खटीमा पहुंचकर नवनिर्मित सिटी पार्क (ऑक्सीजन पार्क) का लोकार्पण भी किया। पीलीभीत रोड स्थित यह पार्क तराई पूर्वी वन प्रभाग की ओर से विकसित किया गया है। पार्क में लोगों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक, चिल्ड्रन पार्क और ध्यान केंद्र समेत विभिन्न सुविधाएं विकसित की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह पार्क खटीमा के लोगों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही शहर में बेहतर सार्वजनिक सुविधा के रूप में उपयोगी साबित होगा।
खटीमा में स्टेडियम और सर्किट हाउस बनाने की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खटीमा के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने क्षेत्र में स्टेडियम और सर्किट हाउस के निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही सिटी पार्क के विस्तारीकरण की भी बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि परिवार की तरह है। उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि खटीमा में जनसुविधाओं और विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा।
खटीमा गोलीकांड के शहीदों को दी श्रद्धांजलि
टनकपुर कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा गोलीकांड की बरसी पर शहीद स्मारक पहुंचकर उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान शहादत देने वाले आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि राज्य आंदोलनकारियों का संघर्ष और बलिदान उत्तराखंड के इतिहास में सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों के अनुरूप उत्तराखंड को विकसित और सशक्त राज्य बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
एक ओर जहां खेल महाकुंभ के जरिए प्रदेश के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया, वहीं खटीमा में नई विकास योजनाओं की घोषणा से क्षेत्र में खेल, स्वास्थ्य और जनसुविधाओं के विस्तार की उम्मीद जगी है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



