गंगा किनारे दो नवजात बच्चियों के शव मिलने से हड़कंप, पुलिस द्वारा दोनों मामलों की गहनता से जांच

खबर शेयर करें

समाचार सच, ऋषिकेश। गंगा किनारे अलग-अलग स्थानों पर दो नवजात बच्चियों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। एक शव नाव घाट के पास, जबकि दूसरा साई घाट के नजदीक बरामद हुआ। दोनों घटनाओं की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब दोनों मामलों की परिस्थितियों की गहनता से जांच कर रही है।

पहली घटना नाव घाट के पास सामने आई, जहां करीब 10 माह की बच्ची का शव बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बच्ची की किसी कारणवश मौत हुई होगी और इसके बाद परिजनों ने शव को गंगा में प्रवाहित कर दिया। बहाव के साथ शव के ऋषिकेश तक पहुंचने की संभावना से भी पुलिस इनकार नहीं कर रही है। हालांकि बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव गंगा तक कैसे पहुंचा, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

वहीं दूसरी घटना साई घाट के पास सामने आई, जहां गंगा किनारे महज एक दिन की नवजात बच्ची का शव मिला। पुलिस के अनुसार बच्ची की नाल भी कटी हुई नहीं मिली है। इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर वह कौन लोग हैं, जो जन्म के तुरंत बाद दुनिया में आई मासूम बच्ची को इस तरह गंगा किनारे छोड़ गए? जिस नवजात को गोद में लेकर दुलार मिलना चाहिए था, उसे खुले आसमान के नीचे इस हाल में छोड़ देना इंसानियत को झकझोर देने वाला है।

यह भी पढ़ें -   देहरादून में म्यूल अकाउंट का खेल! 6 बैंकों के एटीएम से निकले 5.61 लाख, साइबर ठगी के नेटवर्क की तलाश में पुलिस

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि जन्म के बाद बच्ची की मौत हुई और परिजनों ने शव को गंगा किनारे छोड़ दिया या फिर किसी अन्य वजह से नवजात को वहां फेंका गया। बच्ची की नाल का नहीं कटा होना भी जांच का महत्वपूर्ण बिंदु माना जा रहा है। पुलिस जन्म, मृत्यु और शव को मौके तक पहुंचाए जाने से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।

यह भी पढ़ें -   आज का राशिफल | 18 सितम्बर 2026, शुक्रवार | आश्विन मास की शुरुआत के साथ जानिए आज का पंचांग और सभी 12 राशियों का भविष्यफल, किसे मिलेगा लाभ और किन राशियों को रहना होगा सावधान

दोनों घटनाओं ने समाज के सामने भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मासूम बच्चों को जन्म के बाद इस तरह अकेला छोड़ देना आखिर किस मजबूरी या मानसिकता का परिणाम है, यह जांच का विषय है। खासकर एक दिन की नवजात बच्ची का शव मिलने की घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी विनेश कुमार और एएसआई मुकेश शर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस मामलों की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440