दिल्ली लाठीचार्ज के विरोध की उत्तराखंड में गूंज, तिकोनिया चौराहे पर हाई-वोल्टेज ड्रामा, भारी पुलिस बल तैनात
समाचार सच, हल्द्वानी।
दिल्ली में छात्र आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज का विरोध अब उत्तराखंड तक पहुंच गया है। शुक्रवार को हल्द्वानी में एमबीपीजी कॉलेज के छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया। तिकोनिया चौराहे पर पुलिस द्वारा जुलूस रोकने की कोशिश के बाद माहौल अचानक गरमा गया और छात्रों व पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक तथा धक्का-मुक्की देखने को मिली।
प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए शिक्षा व्यवस्था और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर अपना विरोध दर्ज करा रहे थे। जैसे ही पुलिस ने प्रतीकात्मक अर्थी को अपने कब्जे में लिया, छात्रों का आक्रोश और बढ़ गया। कुछ देर तक तिकोनिया क्षेत्र प्रदर्शन और पुलिस की मौजूदगी के कारण चर्चा का केंद्र बना रहा।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और वहां भी विरोध जारी रखा।
छात्रों ने दिल्ली में छात्रों पर हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कदम तथा छात्र हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। उनका कहना था कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए।
इस बीच कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने भी पेपर लीक के मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और परीक्षा प्रणाली पर भरोसा कमजोर पड़ता जा रहा है। उन्होंने पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



