मसूरी घूमने निकले व्यापारी की संदिग्ध मौत! सड़क किनारे मिली कार, 200 मीटर नीचे खाई में पड़ा मिला शव

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून डेस्क। देहरादून-मसूरी मार्ग पर मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब पानीवाला बैंड के समीप सड़क किनारे एक कार खड़ी मिली और करीब 200 मीटर नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 8.30 बजे सूचना मिली कि पानीवाला बैंड के पास सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के समीप एक कार खड़ी है। कार के नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति के पड़े होने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

सूचना मिलते ही कोल्हूखेत चौकी प्रभारी पंकज महिपाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच के दौरान खाई में पड़े व्यक्ति की पहचान अजय कुमार कोहली पुत्र देवेंद्र कुमार कोहली, निवासी क्रॉस रोड, देहरादून के रूप में हुई।

यह भी पढ़ें -   रुद्रप्रयाग में दर्दनाक हादसा : पहाड़ से नीचे खाई में समाई कार, दो की मौत, एक युवक घायल

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों के अनुसार अजय कुमार कोहली देहरादून में व्यापारी थे और मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे।

बताया गया कि घर से निकलने के करीब डेढ़ घंटे बाद उनकी कार पानीवाला बैंड के समीप सड़क किनारे खड़ी मिली, जबकि उनका शव काफी नीचे गहरी खाई में नदी के पास पड़ा हुआ था।

पुलिस जांच के दौरान कार के अंदर से मृतक का मोबाइल फोन, पर्स और शराब की आधी बोतल बरामद हुई है। पुलिस ने इन सामानों को कब्जे में लेकर जांच के दायरे में शामिल कर लिया है।

हालांकि इन वस्तुओं और मौत के कारण के बीच किसी संबंध को लेकर अभी पुलिस की ओर से कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

यह भी पढ़ें -   हल्द्वानी में वारंटियों पर शिकंजा! पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, न्यायालय में किया जाएगा पेश

खाई की गहराई और शव के नदी के समीप होने के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। इसके बाद पुलिस ने एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों को मौके पर बुलाया।

जवानों ने संयुक्त रूप से खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट और एंबुलेंस की टीम भी मौजूद रही। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है।

फिलहाल व्यापारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से, कार की स्थिति और घटनास्थल से मिले सामान सहित सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440