समाचार सच | रुद्रपुर। उधम सिंह नगर के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उपचार के दौरान महिला की मौत के बाद मायके पक्ष ने पति पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने पति के साथ दिनेशपुर में रह रही थी। वर्ष 2016 में दोनों का विवाह हुआ था। दंपति की एक 9 वर्षीय बेटी है। बताया गया कि पति की यह दूसरी शादी थी। पहली पत्नी का वर्ष 2015 में बीमारी के चलते निधन हो गया था, जिससे उसके दो बच्चे हैं।
मृतका की मां का आरोप है कि उनकी बेटी को शादी के बाद से ही पति द्वारा लगातार मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि कुछ समय पहले भी आरोपी ने उनकी बेटी को घर से निकाल दिया था। बाद में रिश्तेदारों के हस्तक्षेप से उसे दोबारा घर में रखा गया, लेकिन प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही दिनेशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
दिनेशपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि यदि मृतका के परिजनों की ओर से तहरीर दी जाती है तो उसके आधार पर नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



