हल्द्वानी के होटल में शादीशुदा युवक की संदिग्ध मौत, महिला मित्र के साथ ठहरा था, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

खबर शेयर करें

समाचार सच, हल्द्वानी डेस्क।
हल्द्वानी में एक होटल के कमरे में 32 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से हड़कंप मच गया। युवक अपनी महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा हुआ था। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, युवक मंगलवार रात महिला मित्र के साथ होटल में रुका था। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। होटल कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को चिकित्सकीय सहायता के लिए ले गई, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

शक्ति वर्धक गोली लेने की बात आई सामने
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तबीयत बिगड़ने से पहले युवक ने शक्ति वर्धक गोली ली थी। हालांकि, इस बात की आधिकारिक पुष्टि और युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा लिया है और बिसरा सुरक्षित रखा गया है।

यह भी पढ़ें -   दरगाह साबिर पाक में मिला एयरफोर्स अधिकारी के बेटे का बैग, युवक लापता

दोनों पहले से थे परिचित
जानकारी के मुताबिक, मृतक शादीशुदा था और उसके तीन बच्चे हैं। महिला मित्र भी विवाहित है और उसके दो बच्चे बताए जा रहे हैं। महिला मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली बताई गई है। दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे और महिला के हल्द्वानी आने-जाने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि घटना से दो दिन पहले भी वह हल्द्वानी पहुंची थी।

इस संबंध को लेकर युवक के परिवार में पहले से विवाद होने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस जांच में इन परिस्थितियों की भूमिका स्पष्ट होना अभी बाकी है।

यह भी पढ़ें -   उत्तराखंड में मदरसों की शुक्रवार की छुट्टी खत्म! अब रविवार को बंद रहेंगे मान्यता प्राप्त विद्यालय

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि युवक की मौत की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

एसपी सिटी हरबंस सिंह के मुताबिक, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और बिसरा सुरक्षित रखा गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मौत के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष रिपोर्ट आने के बाद ही निकाला जाएगा।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440