समाचार सच, हल्द्वानी। रोडवेज चालक ने बस सवार महिला के साथ छेड़छाड़ कर दी। गुस्साए यात्रियों ने चालक की बुरी तरह धुनाई लगा दी। इसके बाद उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। बाद में आरोपी के माफी मांगने पर मामला शांत हो गया। जानकारी के अनुसार काठगोदाम डिपो की बस आज प्रातः हिसार से यहां पहुंची। बताया जाता है कि इस बीच चालक ने बस परिचालक के सुपुर्द कर दी और स्वयं एक महिला यात्री के बगल में आकर बैठ गया। इसके बाद उसने महिला के साथ छेड़छाड़ कर दी। महिला के शोर मचाने पर बस सवार अन्य यात्रियों की नींद खुल गई और उन्होंने चालक की धुनाई लगा दी। मामले की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी चालक को कोतवाली ले आई। जहां घंटों हंगामा होता रहा। बाद में चालक के माफी मांगने पर मामला रफा-दफा हो गया।
वहीं रोडवेज के एआरएम सुरेश चौहान का कहना है कि चालक द्वारा परिचालक को बस चलाने के लिए देना बड़ी लापरवाही है। मामला संज्ञान में आने के बाद चालक को बहरहाल बस संचालन की अनुमति नहीं दी जा रही है। उनका कहना है कि आरोपी चालक पर विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



