चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का सैलाब, 47 दिनों में 30 लाख के करीब पहुंचे यात्री; 152 की गई जान

खबर शेयर करें

समाचार सच, देहरादून डेस्क। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष रिकॉर्ड की ओर बढ़ती नजर आ रही है। 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ शुरू हुई यात्रा में 4 जून तक 29,92,272 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यात्रा में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या के बीच स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां भी सामने आ रही हैं। यात्रा के शुरुआती 47 दिनों में 152 श्रद्धालुओं की मौत हृदय गति रुकने और अन्य स्वास्थ्य कारणों से हो चुकी है।

मानसून से पहले चारधाम यात्रा अपने चरम पर है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु धामों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे यात्रा मार्गों पर भारी भीड़ देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में 21 जून के आसपास मानसून पहुंचने की संभावना है। इसके बाद यात्रा की रफ्तार कुछ धीमी पड़ सकती है, लेकिन फिलहाल श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।

यह भी पढ़ें -   चारधाम यात्रा के दौरान बड़ा हादसा, बदरीनाथ मार्ग पर टेंपो ट्रैवलर पलटा; महिला श्रद्धालु की मौत, 17 घायल

स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रा मार्गों पर चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया गया है और विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य जांच केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके बावजूद लगातार सामने आ रहे हृदयाघात के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। राज्य की अर्थव्यवस्था और लाखों लोगों की आजीविका चारधाम यात्रा से जुड़ी होने के कारण सरकार इस बार यात्रियों की संख्या पर किसी प्रकार की विशेष सीमा लागू नहीं कर रही है।

यात्रा के आंकड़ों को देखते हुए माना जा रहा है कि इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्षों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकती है। यात्रा समाप्त होने में अभी लगभग चार माह का समय शेष है। हालांकि मानसून के दौरान यात्रा की गति प्रभावित होती है, लेकिन बारिश का दौर खत्म होने के बाद फिर से यात्रियों की संख्या में तेजी आने की संभावना रहती है।

यह भी पढ़ें -   ५ जून २०२६ शुक्रवार का पंचांग, जानिए राशिफल में आज का दिन आपका कैसा रहेगा

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार सबसे अधिक 74 श्रद्धालुओं की मौत केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हुई है। इसके अलावा बदरीनाथ मार्ग पर 44, यमुनोत्री मार्ग पर 19 और गंगोत्री मार्ग पर 15 श्रद्धालुओं की मौत स्वास्थ्य संबंधी कारणों से दर्ज की गई है।

दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में केदारनाथ धाम सबसे आगे है, जहां अब तक 10,88,041 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। बदरीनाथ धाम में 8,88,379, गंगोत्री धाम में 11,227 तथा यमुनोत्री धाम में 9,601 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। कुल मिलाकर चारधाम यात्रा में इस वर्ष अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है।

Ad AdAd Ad Ad Ad AdAd Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440