उत्तराखंड-नेपाल बॉर्डर से दिल दहला देने वाली खबर
पिथौरागढ़/बैतड़ी। शादी की खुशियां लेकर चली बारात कुछ ही पलों में मातम में बदल गई। उत्तराखंड-नेपाल सीमा से सटे नेपाल के बैतड़ी जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत नाजुक है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, बस बैतड़ी के पुरचूंणी नगरपालिका क्षेत्र से दुल्हन को लेकर बजांग जिले के सुनकुड़ा गांव जा रही थी। रास्ते में पुरचूंणी के बड़गांव मोड़ पर बस अचानक नियंत्रण खो बैठी और गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंज उठा।
हादसे की सूचना मिलते ही नेपाल एपीएफ, पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। अंधेरी रात में घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कई घायलों को डडेलधुरा अस्पताल, जबकि गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए धनगढ़ी रेफर किया गया है।
प्रहरी प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू के अनुसार के 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, 5 की डडेलधुरा अस्पताल में इलाज के दौरान जान गई जबकि 2 की कोटिला अस्पताल में मौत हुई।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस ओवरलोड थी। अधिक वजन के कारण बस चढ़ाई पर नहीं चढ़ सकी और पीछे की ओर फिसलते हुए खाई में जा गिरी।
हादसे में बस चालक को मामूली चोटें आई हैं। चालक वीरेंद्र बुढा, निवासी भीमदत्त नगरपालिका (कंचनपुर) को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में ओवरलोडिंग और लापरवाही पर बड़ा सवाल खड़ा करता है, जहां एक छोटी सी चूक कई परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लेती है।
दुर्घटना में मरने वालों में-
केशव राज जोशी (40)
अशोक राज जोशी (13)
बसंत राज जोशी
बिष्णु दत्त जोशी (41)
नरेश राज जोशी (42)
बिशन दत्त जोशी (17)
दीपक जोशी (28)
किशन जोशी (46)
(ये सभी बजांग बित्थड चीर गांव पालिका 7 निवासी)
मोहन देव भट्ट (60),
बजांग केदारस्यु गांव पालिका निवासी.
केशव भट्ट (27),
बजांग केदारस्यु गांव पालिका निवासी
बसंत राज रतला (40),
निवासी बजांग जय पृथ्वी नगर पालिका 7.
पुष्पा अवस्थी (40)
निवासी बैतडी पुरचूणीं नगरपालिका 7.
सुशील जोशी,
बैतडी पुरचूणीं नगरपालिका 7 निवासी.



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



