सुनवाई से पहले पुलिस रही अलर्ट मोड पर, बनभूलपुरा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, सीएम धामी ने सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
समाचार सच, हल्द्वानी/नई दिल्ली।
हल्द्वानी के बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को होने वाली महत्वपूर्ण सुनवाई टल गई। इस मामले पर होने वाले फैसले का लंबे समय से इंतजार कर रहे हजारों लोगों की निगाहें सुप्रीम कोर्ट पर टिकी थीं। सुनवाई टलने के बाद जहां प्रभावित परिवारों को फिलहाल राहत मिली है, वहीं मामले के अंतिम निर्णय का इंतजार और बढ़ गया है।
जानकारी के अनुसार, मामले को अब 17 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में सूचीबद्ध किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अगली सुनवाई की अंतिम तारीख सुप्रीम कोर्ट की कॉज लिस्ट जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
सुनवाई से पहले पुलिस थी पूरी तरह अलर्ट
रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट की संभावित सुनवाई को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने पहले ही बनभूलपुरा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। वहीं अधिकारियों और पुलिस जवानों को क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे।
पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी गई। ड्रोन के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था के साथ ही सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही थी। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की थी और किसी भी प्रकार से कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी।
4300 से अधिक प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की तैयारी
गौरतलब है कि हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में रेलवे भूमि पर अतिक्रमण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद मार्च माह से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई तेज हुई थी।
प्रशासन द्वारा करीब 30 हेक्टेयर भूमि पर 4300 से अधिक प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभ देने की तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में जिला प्रशासन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से क्षेत्र में शिविर आयोजित कर प्रभावित परिवारों से संबंधित प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की योजना बनाई गई है।
बीजेपी की कार्यसमिति बैठक में बोले सीएम धामी
इधर, हल्द्वानी में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बैठक में पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनभूलपुरा अतिक्रमण के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को निशाने पर लिया।
मुख्यमंत्री धामी ने आरोप लगाया कि दोनों राजनीतिक दलों ने अपने वोट बैंक की राजनीति के चलते अतिक्रमण को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि सरकार कानून के अनुसार कार्रवाई करने और प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई टलने के बाद बनभूलपुरा के हजारों प्रभावित लोगों और पूरे शहर की निगाहें अब अगली तारीख पर टिकी हुई हैं। आने वाले दिनों में सुप्रीम कोर्ट की कॉज लिस्ट से यह स्पष्ट होगा कि मामले की अगली सुनवाई कब होगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



