समाचार सच, हल्द्वानी। युवक-युवती के रहस्यमय परिस्थितियों में विषपान करने का मामला प्रकाश में आया है। विषाक्त पदार्थ खाने के बाद दोनों स्वयं ही अस्पताल पहुंच गये। जहां युवक की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस दोनों के स्वास्थ्य पर नजर बनाये हुए है। मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार सोमवार की दोपहर एक टैम्पों में सवार होकर युवक-युवती बेस अस्पताल पहुंचे। जहां दोनों ने चिकित्सकों को बताया कि उन्होंने जहरीले पदार्थ का सेवन किया हुआ है। इस पर चिकित्सक दोनों के उपचार में जुट गए। अस्पताल की मैमो के अनुसार दोनों मुक्तेश्वर क्षेत्र के रहने वाले हैं। युवक का नाम 25 वर्षीय जगदीश डंगवाल पुत्र कैलाश डंगवाल व युवती का नाम चंपा पुत्री पूरन सिंह बताया जा रहा है। यह भी बताया जा रहा है कि दोनों हल्द्वानी में किराये में रहते हैं और एमबीपीजी महाविद्यालय में अध्ययनरत हैं। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी तो एसपी क्राइम देवेंद्र पिंचा अस्पताल पहुंचे और जानकारी जुटाई। एसपी क्राइम देवेंद्र पिंचा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक-युवती के प्रेमी युगल होना सामने आया है।
फिलहाल दोनों जानकारी देने की स्थिति में नहीं हैं। लिहाजा उनके स्वास्थ्य में सुधार होने का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद ही पुलिस अपनी जांच आगे बढ़ाएगी। इधर बेस अस्पताल में युवक की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे डॉ सुशीला तिवारी अस्पताल के लिए रैफर कर दिया है। युवक-युवती के विषपान के कारणों के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। यह मामला नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है।


सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


