समाचार सच, हल्द्वानी। यातायात नगर चौकी क्षेत्र के एक वाहन शोरूम में चोरों ने सेंध लगा दी। चोरों वहां से नगदी से भरा गल्ला उड़ा कर ले गये हैं। गल्ले में करीब 40 लाख रुपये की नगदी मौजूद थी। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में रात को तीन चोर चोरी करते नजर आ रहे हैं। सूचना पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रामपुर रोड में गोलू अग्रवाल का महेंद्रा का कार शोरूम है। बताया जा रहा है कि बीती शनिवार की रात को कर्मचारी शोरूम बंद कर घर चले गए। रविवार प्रातः जब कर्मचारी शोरूम पहुंचे तो वह सहम गये। अंदर का नजारा देख हक्के-बक्के रह गए। सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था और गल्ला गायब था। इतना ही नहीं शोरूम के पीछे की दीवार टूटी हुई थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया।
शोरूम संचालक गोलू अग्रवाल ने बताया कि गल्ले में करीब 40 लाख रूपये की नगदी रखी हुई थी। इतना ही नहीं घटना के समय शोरूम के मुख्य गेट पर गार्ड तैनात थे। चोरों ने घटना को इतनी इत्मीनान से अंजाम दिया कि गार्डों को भनक तक नहीं लगी। पुलिस ने शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। जिसमें तीन चोर रात के समय शोरूम में घुसते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का कहना है कि चोरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद ले रही हैं।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440

















