डीएम आशीष चौहान ने मौके पर पहुंचकर दिए तीन घंटे में मरम्मत के निर्देश, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी
समाचार सच, देहरादून। राजधानी देहरादून में हाल ही में शुरू किए गए एक महत्वपूर्ण पुल की एप्रोच रोड बारिश के बाद क्षतिग्रस्त होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर फिर सवाल उठने लगे हैं। प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी के पास टौंस नदी पर बने इस पुल पर यातायात शुरू हुए अभी करीब 16 दिन ही हुए थे कि भारी बारिश के बीच एप्रोच रोड धंसने की घटना सामने आ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन मौके पर पहुंच गया। एहतियातन पुल पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया कि पुल की मुख्य संरचना सुरक्षित है और क्षति केवल एप्रोच रोड के नीचे से मिट्टी बहने के कारण हुई है।
कोतवाली प्रेमनगर पुलिस के अनुसार, लगातार बारिश से एप्रोच रोड के नीचे की मिट्टी बह जाने से सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। संबंधित निर्माण एजेंसी द्वारा तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है और जल्द ही मार्ग को फिर से यातायात के लिए खोलने का दावा किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी आशीष चौहान स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पीडब्ल्यूडी और संबंधित अधिकारियों को तीन घंटे के भीतर एप्रोच रोड को सुरक्षित बनाकर यातायात बहाल करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या निर्माण में गुणवत्ता संबंधी कमी सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष बरसात में इसी स्थान पर बना अस्थायी संपर्क मार्ग तेज बहाव में बह गया था। इसके बाद करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से इस पुल का पुनर्निर्माण कराया गया था। अब पहली ही मानसूनी बारिश में एप्रोच रोड के क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। प्रशासन ने फिलहाल तकनीकी जांच के आदेश दे दिए हैं और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



