समाचार सच, मसूरी डेस्क। उत्तराखंड के मसूरी में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। कोलूखेत-झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस के अनुसार सुबह 9.16 बजे 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि बार्लाेगंज चौकी क्षेत्र के झड़ीपानी रोड पर एक छोटी कार गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी की टीम मौके पर रवाना हुई। खाई अत्यंत दुर्गम होने और घनी झाड़ियों के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सफेद रंग की मारुति सिलेरियो कार (डीएल 5सीएस 4610) सड़क की तीव्र ढलान पर अचानक अनियंत्रित हो गई और खाली प्लॉट से होते हुए गहरी खाई में जा गिरी। प्रारंभिक जांच में वाहन के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया कि कार सवार उत्तरकाशी से आ रहे थे और हादसे से कुछ देर पहले उन्होंने पास की एक दुकान से सामान खरीदा था।
कार में चार लोग सवार थे, जिनकी पहचान सत्य प्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत (19 वर्ष), सविता पत्नी धर्मवीर निवासी नेहरू नगर, गाजियाबाद (48 वर्ष) तथा संगीता पत्नी टीटू निवासी करोलबाग, दिल्ली (46 वर्ष) के रूप में हुई है।
एसडीआरएफ की टीम ने रस्सियों और विशेष उपकरणों की मदद से बचाव अभियान चलाया। हादसे में चारों लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को खाई से बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
मौके पर क्षेत्राधिकारी मसूरी, पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



