
समाचार सच, ऋषिकेश। यहां रोडवेज बस अड्डे के समीप संयुक्त यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड में खड़ी एक निजी बस में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गयी। आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें बगल में खड़ी बस तक पहुंच गयी और उसे भी चपेट में ले लिया। इस घटना से कंपाउंड में अफरा-तफरी मच गयी। इस आग से आसमान में काले धुएं को देखकर हर कोई डर गया। देखते-देखते घटना के पास भारी भीड़ जमा हो गयी। मामले की जानकारी मिलते ही दमकल कर्मी भी पहुंच गये और दो गाड़ियों की मदद से करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल इस घटना में किसी भी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है।
सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे रोडवेज बस अड्डे के समीप संयुक्त यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड में रिपेयरिंग के दौरान एक बस में अचानक आग लग गयी। आग लगते ही मरम्मत में जुटे कर्मचारी भी वहां भाग गये।
आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें बगल में खड़ी बस तक पहुंच गई, जिससे वह बस भी जलकर खाक हो गई। कुछ ही देर में आग भयावह हो गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पहले खुद आग को बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग बढ़ती ही चली गई। आसपास खड़े लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। इस दौरान घटनास्थल के आसपास खड़ी अन्य बसों को सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल वहां से हटाया गया। यदि समय रहते ऐसा नहीं करते तो आग अन्य बसों तक भी पहुंच सकती थी और हालात ज्यादा खतरानाक हो सकते थे। अग्निशमन कर्मचारियों ने आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। अग्निशमन अधिकारी बीरबल सिंह ने बताया कि यह हादसा प्रथम दृष्टया बस में रिपेयरिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से हुआ। बताया कि बस मालिक हनीफ ने करीब पांच लाख रुपये का नुकसान होना बताया है। फिलहाल विभागीय टीम आग लगने से सही कारणों की जांच में जुटी है।


सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



