समाचार सच, रुद्रप्रयाग डेस्क। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। छेनागाड़ से करीब दो किलोमीटर ऊपर मथ्यागांव के समीप एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में तीन लोग सवार थे। दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और रेस्क्यू टीमों में हड़कंप मच गया। एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं और दुर्गम परिस्थितियों के बीच राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 8रू20 बजे जिला आपदा कंट्रोल रूम को मथ्यागांव के समीप वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमों को मौके पर भेजा गया।
हादसे के बाद कार गहरी खाई में जा गिरी थी, जिससे घटनास्थल तक पहुंचना भी रेस्क्यू कर्मियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया। इसके बावजूद जवानों ने कड़ी मशक्कत करते हुए वाहन तक पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन में तीन लोग सवार बताए गए रोहित पुत्र जगत सिंह, उम्र 26 वर्ष, मोहन सिंह पुत्र भाग सिंह, उम्र 65 वर्ष, विनोद सिंह पुत्र दरमान सिंह, उम्र 42 वर्ष। रेस्क्यू अभियान के दौरान रोहित घायल अवस्था में मिला, जबकि मोहन सिंह और विनोद सिंह की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
दुर्गम और चुनौतीपूर्ण इलाके में एसडीआरएफ एवं डीडीआरएफ के जवानों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों लोगों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। घायल रोहित को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं दोनों मृतकों के शवों को खाई से निकालकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।
मंगलवार सुबह हुए इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही आसपास के क्षेत्र में फैली, शोक की लहर दौड़ गई। दो लोगों की असमय मौत से उनके परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल कार के अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिरने के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है। संबंधित विभागों की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में एक बार फिर सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच इलाज के लिए अस्पताल में संघर्ष कर रहा है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



