समाचार सच, हरिद्वार/लक्सर। हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र में स्थित पथरी थाना अंतर्गत पथरेश्वर महादेव मंदिर में दो साधुओं की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या के बाद आरोपियों ने दोनों के शव मंदिर के पास जंगल में गड्ढा खोदकर दफना दिए। मामले का खुलासा होने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार मंदिर के एक सेवादार ने पुलिस को सूचना दी कि मंदिर में रहने वाले दो साधु कई दिनों से लापता हैं और उनके साथ किसी अनहोनी की आशंका है। सूचना मिलते ही पथरी थाना प्रभारी रविंद्र सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान मंदिर के समीप जंगल में खुदाई कराई गई, जहां से दोनों साधुओं के शव बरामद हुए। पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से शवों को गड्ढे में दबा दिया गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद सुयाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की प्रगति का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में मंदिर के मुख्य पुजारी पर संदेह जताया गया है। घटना के बाद से वह फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि साधुओं की हत्या कर शव गड्ढा खोदकर दबाने का मामला सामने आया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



