समाचार सच, पटना डेस्क। पटना के फुलवारी शरीफ इलाके में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। रायचौक क्षेत्र में खुले नाले में गिरने से दो साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। इस हादसे ने एक बार फिर नगर प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फुलवारी शरीफ में नाले में गिरकर जान गंवाने वाली मासूम का नाम खादिजा था। शनिवार को वह अचानक लापता हो गई, जिसके बाद परिवार और आसपास के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का पता नहीं चला, तो इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
नाले के पास स्थित एक घर के कैमरे में बच्ची खुले चौंबर में गिरती हुई दिखाई दी। तुरंत स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए एम्स पटना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने फुलवारी शरीफ नगर परिषद पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई स्थानों पर नाले खुले पड़े हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बच्ची का परिवार मूल रूप से असम का रहने वाला बताया जा रहा है।
दिल्ली-नोएडा में भी सामने आ चुके हैं ऐसे ही हादसे यह पहली घटना नहीं है। हाल के दिनों में दिल्ली और नोएडा से भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। समस्तीपुर निवासी बिरजू कुमार की दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र में खुले मैनहोल में गिरने से मौत हो गई थी। 5 फरवरी को 25 वर्षीय कमल ध्यानी की 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरने से जान चली गई। नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहरा की कार पानी से भरे गड्ढे में समा गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई। इन सभी घटनाओं में प्रशासनिक लापरवाही प्रमुख कारण बनकर सामने आई और देशभर में चर्चा का विषय बनी।
बड़ा सवाल लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बावजूद जिम्मेदार एजेंसियां कब जागेंगी? खुले नाले, मैनहोल और गड्ढे कब तक आम लोगों की जान लेते रहेंगे?
पटना की इस मासूम की मौत ने एक बार फिर सिस्टम की अनदेखी को बेनकाब कर दिया है। अब देखना यह है कि जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होती है और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440



