समाचार सच, हल्द्वानी। लगातार हो रही मानसूनी बारिश के बीच हल्द्वानी के फतेहपुर क्षेत्र में भाखड़ा नदी एक बार फिर लोगों के लिए खतरे का सबब बन गई। सोमवार शाम नदी पार करने के दौरान दो युवक तेज बहाव के बीच फंस गए। गनीमत रही कि आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस घटना ने क्षेत्र में वर्षों से लंबित पुल निर्माण की आवश्यकता को फिर उजागर कर दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवक बाइक के साथ नदी पार करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जलस्तर बढ़ने से वे बीच धारा में फंस गए। उन्हें संघर्ष करते देख आसपास के लोगों ने तत्काल राहत अभियान शुरू किया और काफी प्रयास के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में भाखड़ा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है, लेकिन आज तक यहां स्थायी पुल का निर्माण नहीं हो सका है। मजबूरी में ग्रामीणों को स्कूल, खेत, बाजार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए इसी नदी को पार करना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई वर्षों से जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के सामने पुल निर्माण की मांग रखी जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
उधर, लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के कई नदी-नालों में जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों से दूर रहने तथा तेज बहाव के दौरान किसी भी हालत में उन्हें पार करने का प्रयास न करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440




