समाचार सच, देहरादून। फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा को रद्द करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर उत्तराखंड बेरोजगार महासंघ ने आंदोलन का एलान कर दिया है। 25 फरवरी को महासंघ देहरादून में रैली निकालकर सचिवालय का घेराव करेगा। फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा में नकल और असली ओएमआर शीट सोशल मीडिया पर वायरल होने से बेरोजगार महासंघ ने सरकार से परीक्षा को रद्द करने की मांग की है।
महासंघ के संरक्षक कमलेश भट्ट और अध्यक्ष दीपक डोभाल ने कहा कि भर्ती परीक्षा में नकल और मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना गंभीर मामला है। सरकार को तत्काल परीक्षा रद्द कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। आयोग में अब तक जितनी भी भर्ती हुई हैं, उनमें गड़बड़ियां सामने आई हैं। पंचायती राज विभाग में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी की भर्ती परीक्षा में बड़े स्तर पर धांधली हुई, जिस पर सरकार को भर्ती परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी। दोबारा से इन पदों की लिखित परीक्षा भी हो चुकी है। लेकिन दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। 25 फरवरी को प्रदेशभर के बेरोजगार युवक रैली निकालकर सचिवालय का घेराव करेंगे।
महासंघ ने फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा में धांधली को लेकर वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत और उच्च शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. धन सिंह रावत को ज्ञापन सौंपा है। महासंघ ने भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग उठाई। महासंघ का कहना है कि पिछले लगभग ढाई साल से उम्मीदवार भर्ती परीक्षा का इंतजार कर रहे थे। प्रदेश के डेढ़ लाख से अधिक युवाओं ने आवेदन किया था। परेड ग्राउंड में फॉरेस्ट गार्ड भर्ती में धांधली को लेकर उत्तराखंड बेरोजगार संघ का धरना शनिवार को भी जारी रहा। संघ ने सरकार से मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। संघ का कहना है कि परीक्षा केंद्रों पर 70 प्रतिशत उम्मीदवारों की चेकिंग नहीं की गई। जबकि परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने से पहले उम्मीदवारों की चेकिंग की जाती है। फॉरेस्ट गार्ड भर्ती में उम्मीदवार परीक्षा कक्ष तक मोबाइल फोन ले गए। हरिद्वार व पौड़ी जिला में ब्ल्यू टूथ से नकल की गई।



सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें
👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें
हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440


