उत्तराखंड वीरों की भूमि, सैनिकों का योगदान देश के लिए अतुलनीय : नितिन नवीन

खबर शेयर करें

-सीएम धामी बोले—सैनिक कभी पूर्व नहीं होता, जीवनभर रहता है सैनिक
-हल्द्वानी में गौरव सेनानी मिलन एवं पूर्व सैनिक सम्मान समारोह, बड़ी संख्या में पहुंचे पूर्व सैनिक और वीरांगनाएं

समाचार सच, हल्द्वानी।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं बल्कि वीरों की भूमि भी है। यहां के सैनिकों ने देश की सीमाओं की रक्षा और राष्ट्र की सुरक्षा में हमेशा अतुलनीय योगदान दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सैन्य शक्ति मजबूत हुई है और भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

गुरुवार को हल्द्वानी में आयोजित गौरव सेनानी मिलन एवं पूर्व सैनिक सम्मान समारोह में कुमाऊं मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और सैनिक परिवारों को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि देश की सुरक्षा में अपना जीवन समर्पित करने वाले सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान पूरे राष्ट्र का सम्मान है।

उन्होंने कहा कि आज भारत न केवल अपनी सुरक्षा जरूरतों के लिए स्वदेशी रक्षा उपकरणों के निर्माण को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि रक्षा उत्पादों के निर्यात के क्षेत्र में भी तेजी से अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैनिकों के मनोबल को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है और समय-समय पर सैनिकों के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन किया है।

नितिन नवीन ने कहा कि सीमावर्ती गांवों को देश का अंतिम गांव मानने की पुरानी सोच को बदलते हुए अब उन्हें देश का प्रथम गांव मानकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास देश की सुरक्षा और वहां रहने वाले लोगों के बेहतर भविष्य दोनों के लिए महत्वपूर्ण है।

यह भी पढ़ें -   2027 का ‘विक्ट्री प्लान’ हल्द्वानी से तैयार! भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिया मंत्र—“बूथ जीतो, चुनाव जीतो”, उत्तराखंड में हैट्रिक का दावा

उन्होंने उत्तराखंड सरकार द्वारा सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि देहरादून में बन रहा सैन्य धाम राज्य के वीर सैनिकों और शहीदों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का प्रतीक बनेगा। यह आने वाली पीढ़ियों को देश के वीर जवानों के शौर्य और बलिदान से प्रेरणा देगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को नमन करते हुए कहा कि सैनिक कभी पूर्व सैनिक नहीं होता, बल्कि वह जीवनभर सैनिक रहता है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा और राष्ट्रसेवा के लिए अपना स्वर्णिम जीवन समर्पित करने वाले सैनिकों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “सैनिक कभी पूर्व या भूतपूर्व नहीं होता, वह जीवनभर सैनिक रहता है।” उन्होंने कहा कि हमारे पूर्व सैनिक वास्तव में ‘भूतपूर्व’ नहीं, बल्कि ‘अभूतपूर्व’ हैं। उनका अनुशासन, समर्पण, राष्ट्रभक्ति और अनुभव समाज तथा राष्ट्र को निरंतर नई दिशा देने का कार्य करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं सैनिक परिवार से आते हैं और सैनिकों तथा उनके परिजनों के त्याग, अनुशासन और संघर्ष को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने देश को अनेक वीर सपूत दिए हैं और राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं तथा उनके परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

यह भी पढ़ें -   नितिन नवीन के बयान पर भड़की कांग्रेस, हल्द्वानी में फूंका भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का पुतला

मुख्यमंत्री ने इस दौरान सैनिक कल्याण के लिए राज्य सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि शहीद सैनिकों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि को 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये किया गया है। वहीं परमवीर चक्र विजेताओं के लिए एकमुश्त अनुदान राशि 50 लाख से बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये की गई है।

उन्होंने बताया कि बलिदानी सैनिक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा में नियुक्ति के लिए आवेदन की समय सीमा दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष की गई है। इसके साथ ही राज्य के सेवारत और पूर्व सैनिकों को 25 लाख रुपये तक की अचल संपत्ति खरीदने पर स्टाम्प शुल्क में 25 प्रतिशत की छूट देने की व्यवस्था की गई है।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य सरकार पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और सैनिक परिवारों के कल्याण के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। सैनिकों एवं उनके आश्रितों की शिक्षा, रोजगार और अन्य सुविधाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कार्यक्रम संयोजक एवं दायित्वधारी सुरेश भट्ट, ध्रुव रौतेला, पूर्व मेयर जोगेंद्र रौतेला सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, वीरांगनाएं, सैनिक परिवार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTSAd Ad Ad

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें

👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ लाइक करें

👉 यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें

हमसे संपर्क करने/विज्ञापन देने हेतु संपर्क करें - +91 70170 85440